नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रचंड गरमी शुरू हो गई है। सोमवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। राजधानी के आयानगर में सोमवार को अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। तापमान बढ़ने के साथ साथ उमस भी बढ़ी है। उमस 48 फीसदी दर्ज की गई है और इसकी वजह से 43 डिग्री तापमान का असर भी 49 डिग्री की तरह महसूस हो रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिन आसमान से आग बरसने का अनुमान है। तापमान 44 डिग्री से ऊपर जा सकता है। अगले कई दिन तक बारिश की संभावना नहीं है।
राजधानी दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के राज्यों हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने कहा कि इस पूरे सप्ताह मौसम का यही रूप देखने को मिलेगा। हालांकि साथ ही मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि दिल्ली में इस सप्ताह के अंत में बारिश हो सकती है। लेकिन उससे तापमान 44 डिग्री तक पहुंचेगा। न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री के करीब बना हुआ है।
मौसम विभाग ने बताया है कि नौ से 12 जून के बीच में पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। इसके अलावा मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि नौ से 12 जून के बीच में जम्मू कश्मीर, नौ से 13 जून के दौरान पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में लू चलने की संभावना है। अनुमान है कि इसके बाद चार से पांच दिनों बाद तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


