नई दिल्ली। पूर्वोत्तर के राज्यों में और देश के उत्तरी हिस्सों के पहाड़ी इलाकों में मानसून की बारिश से बड़ा नुकसान हुआ है। कई जगह रास्ते बंद हैं और रेल रूट भी प्रभावित हुआ है। त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर और असम के दक्षिणी हिस्से में कई जगहों पर तेज बारिश के चलते भूस्खलन हुआ, जिससे रेलवे लाइन बंद हो गया। इस वजह से लगातार पांच दिन से ट्रेन सर्विस बाधित हो रही है।
ऐसे ही उत्तराखंड के सोनप्रयाग में शुक्रवार देर रात तेज बारिश के चलते भूस्खलन हुआ है। इस वजह से केदारनाथ हाईवे बंद हो गया है। रास्ते से मलबा हटाने का काम चल रहा है। पुलिस ने यात्रियों को कुछ दूर पहले सुरक्षित स्थान पर ही रोक लिया है। इस सीजन में केदारनाथ हाईवे पहले भी बंद हो चुका है। मौसम विभाग ने शनिवार को देश के 31 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की थी, जिसमें उत्तर प्रदेश और बिहार सहित देश के 27 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया था।
गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के कई इलाकों में तेज बारिश जारी है। मुंबई में भारी बारिश की वजह से समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। इस वजह से समुद्र किनारे की सड़कों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, महाराष्ट्र के चंद्रपुर का ताड़ोबा अंधारी टाइगर रिजर्व का मेन एरिया मानसून की वजह से एक जुलाई से तीन महीने के लिए पर्यटकों के लिए बंद किया गया है। उधर केरल में इडुक्की जिले का मुल्लापेरियार बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और खतरे के निशान तक पहुंच गया है।