नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मनमाने तरीके से काम करने की ‘इंडियन एक्सप्रेस’ में आई रिपोर्ट और मुख्य चुनाव आयुक्त के दो चुनाव आयुक्तों से मतभेद की खबरों के बीच विपक्षी गठबंधन यानी ‘इंडिया’ ब्लॉक की एक मीटिंग तय होने की खबर है। शनिवार को बताया गया कि बुधवार, 30 सितंबर को नई दिल्ली में विपक्षी गठबंधन की बैठक हो सकती है। ममता बनर्जी ने इस बैठक की पहल की है। उन्होंने करीब 30 साल के बाद सीपीएम महासचिव एमए बेबी से बात की। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी विपक्ष की बैठक करने और साझा आंदोलन करने की गुजारिश की थी।
इस बीच राहुल गांधी और ममता बनर्जी दोनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ऊपर हमला बोला है। राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ज्ञानेश कुमार का इस्तेमाल भाजपा के लिए भर्ती करने में किया गया। फिर मोदी और शाह ने उन्हें अंपायर बनाकर भारत के चुनावों में मैच फिक्सिंग का जिम्मा सौंप दिया।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘वैनिश कुमार’ तक कह दिया है। हालांकि एक तरफ ममता बनर्जी और कांग्रेस पार्टी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं तो दूसरी ओर ममता बनर्जी की पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा है कि सिर्फ कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी ही ज्ञानेश कुमार को हटा सकती है। उन्होंने कहा कि अगर सीजेपी कोई ठोस चुनौती दे, तो वे ज्ञानेश कुमार को हटा सकते हैं, कोई दूसरी राजनीतिक पार्टी ऐसा नहीं कर सकती। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, सपा, लेफ्ट आदि की बैठक से पहले यह बयान नुकसानदेह है। गौरतलब है कि सीजेपी ने दो अक्टूबर से आंदोलन का ऐलान किया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



