नई दिल्ली। नई दिल्ली। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ विदेशी राजदूतों और उच्चायुक्तों से मिल रहे हैं और पहलगाम हमले के बाद पैदा हुई स्थितियों में मदद की अपील कर रहे हैं। शरीफ ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन कई राजनयिकों से मुलाकात की।
उन्होंने इस्लामाबाद में ब्रिटेन की उच्चायुक्त जेन मैरियट से मुलाकात की, जिसमें उन्होंने पहलगाम हमले की जांच में शामिल होने के लिए ब्रिटेन को आमंत्रण दिया। गौरतलब है कि पाकिस्तान पहलगाम कांड की रूस और चीन से जांच की बात कह चुका है। अब उसके प्रधानमंत्री ने ब्रिटेन को भी न्योता दिया है।
शरीफ की राजनयिकों से मुलाकातें
बहरहाल, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के साथ साथ राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी भी राजनयिकों से मिल रहे हैं। सोमवार को चीन के राजदूत जियांग झायडोंग ने इस्लामाबाद में राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि चीन के राजदूत ने पाकिस्तान को भरोसा दिलाया कि चीन हर मुश्किल घड़ी में उसके साथ खड़ा है और दोनों देशों की दोस्ती लोहे जैसी मजबूत है।
उधर रूस की ओर से भी तनाव कम करने की अपील की गई है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने की अपील की है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में उम्मीद जताई कि दोनों पक्ष तनाव कम करने के लिए कदम उठाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत और पाकिस्तान के घटनाक्रम पर रूस की नजर है। पेस्कोव ने कहा, ‘भारत हमारा रणनीतिक साझेदार है और पाकिस्तान भी हमारा साझेदार है। हम दिल्ली और इस्लामाबाद दोनों के साथ अपने संबंधों को महत्व देते हैं’। पिछले हफ्ते रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दोनों देशो के बीच मध्यस्थता करने का सुक्षाव दिया था।
Also Read: मॉक ड्रिक के आदेश जारी
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



