नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को संसद में एक ऐसा थैला लेकर पहुंचीं, जिस पर फिलस्तीन के समर्थन में नारे लिखे गए थे और फिलस्तीन के प्रतीक चिन्ह बने थे। इन्हें लेकर भाजपा ने सवाल उठाया और कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया। भाजपा ने कहा कि मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए प्रियंका इस तरह का बैग लेकर पहुंचीं। दूसरी ओर प्रियंका ने कहा कि वे क्या पहनेंगी, इसका फैसला वे खुद करेंगी।
बहरहाल, प्रियंका जो बैग लेकर पहुंचीं थीं उस पर लिखा था- फिलस्तीन आजाद होगा। उस पर शांति का प्रतीक सफेद कबूतर और तरबूज भी बना था। इसे फिलस्तीनी एकजुटता का प्रतीक माना जाता है। इससे पहले जून 2024 में भी प्रियंका ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की आलोचना की थी। तब प्रियंका की टिप्पणी नेतन्याहू के अमेरिकी कांग्रेस को दिए भाषण में गाजा में चल रहे युद्ध का बचाव करने के बाद आई थी। प्रियंका के बैग पर कैफियेह, तरबूज, जैतून की शाखा, फिलस्तीन कढ़ाई, शांति का प्रतीक कबूतर बना हुआ था। बैग पर फिलस्तीन झंडे का लाल, हरा, सफेद और काला रंग भी था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.

Image Source: ANI

