चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का गुट ने अब प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के साथ साथ कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल के खिलाफ भी मोर्चा खोला है। चन्नी गुट ने दावा किया है कि बघेल ने पंजाब के हालात के बारे में सही जानकारी कांग्रेस आलाकमान को नहीं दी। नेताओं ने बघेल पर कांग्रेस आलाकमान को गुमराह करने का आरोप लगाया है। इस बीच खबर है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पंजाब के हालात के बारे में जानकारी ली है।
बहरहाल, चन्नी की नाराजगी और गैरहाजिरी के बीच बघेल ने मंगलवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की। बताया जा रहा है कि इसमें भूपेश बघेल ने नेताओं को भरोसा दिलाया कि प्रदेश में कोई बदलाव नहीं होगा। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष वड़िंग ने भी चन्नी की नाराजगी की खबरों को खारिज करते हुए कहा, ‘चन्नी साहब ने कल ही स्पष्ट कर दिया था और उन्होंने बताया था कि वह एक या दो दिन के लिए बाहर रहेंगे। भूपेश बघेल जी ने उनसे बात की थी; जब बघेल जी ने कल शाम प्रेस को संबोधित किया, तो उन्होंने स्पष्ट किया था कि चन्नी साहब दो दिनों के लिए शहर से बाहर हैं और बाद में मुलाकात करेंगे’।
खबर है कि चन्नी सोमवार को ही बघेल की मीटिंग का बहिष्कार करके दिल्ली चले गए थे। उनके गुट ने कहा है कि कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने हाईकमान को गुमराह किया। उन्होंने पंजाब की सही स्थिति के बारे में जानकारी नहीं दी। इसी वजह से केंद्रीय नेतृत्व ने राजा वड़िंग की प्रधानगी बरकरार रखी। गौरतलब है कि चन्नी चाहते हैं कि उनको प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाए या मुख्यमंत्री का दावेदार घोषित किया जाए।


