नई दिल्ली। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के साथ संबंधों में आए तनाव और युद्ध की आशंका के बीच सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बात की। मोदी से बातचीत में पुतिन ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की। उन्होंने हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई और साथ ही आंतकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूरा समर्थन दिया। पुतिन ने कहा कि इस हमले को अंजाम देने वालों और हमले की साजिश रचने वालों को न्याय के कठघरे में लाया जाना चाहिए।
मोदी-पुतिन की आतंक पर अहम बातचीत
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मोदी और पुतिन की बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और रूस के बीच हुए विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के विजय दिवस की 80वीं वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रपति पुतिन को शुभकामनाएं दीं। नौ मई को रूस में विक्ट्री डे परेड का आयोजन किया जा रहा है।
उधर रूसी समाचार एजेंसी तास ने खबर दी है कि पुतिन ने सालाना उच्च स्तरीय बैठक के लिए भारत आने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने पुतिन को इस साल के अंत में भारत में होने वाले सालाना शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया था।
Also Read: पाक पीएम राजदूतों से मिल रहे
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



