नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ, आरएसएस के मुख्यपत्र ‘ऑर्गेनाइजर’ के एक लेख को लेकर विवाद छिड़ा है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसे लेकर निशाना साधा तो दूसरी ओर केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने भी नाराजगी जताई। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वक्फ के बाद अब ईसाई समुदाय की भूमि पर नजर है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘मैंने कहा था कि वक्फ विधेयक अभी मुसलमानों पर हमला करता है लेकिन भविष्य में अन्य समुदायों को निशाना बनाने की मिसाल बनेगा। संघ को ईसाइयों की ओर अपने ध्यान ले जाने में देर नहीं लगेगी’। उन्होंने आगे कहा कि इससे बचने के लिए संविधान ही एकमात्र ढाल है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने भी ‘ऑर्गेनाइजर’ के लेख को लेकर कहा कि वक्फ बिल अल्पसंख्यकों को टारगेट करने और चरणबद्ध तरीके से उन्हें खत्म करने के प्लान का हिस्सा लगता है। उन्होंने कैथोलिक चर्चों को निशाना बनाए जाने की भी आशंका जताई। हालांकि, ‘ऑर्गेनाइजर’ ने वह लेख अपनी वेबसाइट से हटा लिया है।
इसे लेकर विजयन ने कहा, ‘इस पत्रिका के लेख से समझा जाना चाहिए कि वक्फ बिल पास होने के बाद अब संघ कैथोलिक चर्च को निशाना बना रहा है। यह नकारात्मक संकेत देता है और आरएसएस की मानसिकता दिखाता है। लेख में संघ की धर्म विरोधी बहुसंख्यक सांप्रदायिक भावना दिखती है’। वक्फ बिल पर उन्होंने यह भी कहा कि यह मुस्लिम अल्पसंख्यकों के संवैधानिक अधिकारों का हनन करता है। इसके विरोध में लोकतांत्रिक और सेकुलर आंदोलन किया जाना चाहिए। बताया जा रहा है कि इस लेख में दावा किया गया है कि देश भर में चर्चों के पास करोड़ों हेक्टेयर जमीन है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



