नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने थोक में बिकने वाले डीजल की कीमतों में एक बार में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार की निंदा की है। उन्होंने डॉलर के मुकाबले रुपए की गिरती कीमत को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला किया है। राहुल गांधी ने कहा है कि सरकार कुछ भी कहे इसका असर कीमतों पर पड़ेगा और हर भारतीय की जेब पर इसका असर होगा।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, ‘रुपए का डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर एक सौ की तरफ बढ़ना और इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी, ये सिर्फ आंकड़े नहीं, आने वाली महंगाई के साफ संकेत हैं’। उन्होंने आगे लिखा, ‘सरकार चाहे इसे नॉर्मल बताए, लेकिन हकीकत ये है कि उत्पादन और ट्रांसपोर्ट महंगे होंगे, एमएसएमई को सबसे ज्यादा चोट लगेगी, रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ेंगे’।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में आगे लिखा कि विदेशी संस्थागत निवेशक यानी एफआईआई का पैसा और तेजी से बाहर जाएगा, जिससे शेयर बाजार पर दबाव बढ़ेगा। इसका मतलब है कि हर परिवार की जेब पर इसका सीधा और गहरा असर पड़ना तय है। राहुल ने लिखा है, ‘सवाल यह नहीं कि सरकार क्या कह रही है, सवाल यह है कि आपकी थाली में क्या बचा है’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



