नई दिल्ली। देश के ज्यादातर हिस्सों में अभी हीटवेव का कहर चल रहा है। कई हिस्सों में तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि तीन दिन के बाद हीटवेव से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया कि अगले 72 घंटों के बाद कई राज्यों में मौसम बदलेगा। मौसम विभाग ने 13 राज्यों में तेज आंधी और तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।
इससे पहले अभी उत्तर भारत हीटवेव की चपेट में है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिण में मानसून से पहले की गतिविधियां तेज हो गई हैं। देश के उत्तरी और मध्य भागों में पारा 45 से 48 डिग्री तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश के बांदा में लगातार सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहां तापमान 48 डिग्री पार कर गया है। इस साल 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है, जिसमें नौ दिन सबसे गर्म होते हैं। लेकिन उससे पहले ही तापमान 48 डिग्री पहुंच गया है।
तापमान के लिहाज से 20 मई को बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। मध्य प्रदेश का खजुराहो दुनिया के सबसे गर्म पांच शहरों में रहा। खजुराहो में तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच भीषण गर्मी और लू को देखते हुए बिहार में स्कूलों में छुट्टी की जा रही है। बिहार, उत्तर प्रदेश के अलावा राजधानी दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, ओडिशा और महाराष्ट्र के 16 शहरों में भी तापमान 45 डिग्री से ज्यादा रहा।
इस बीच यह भी खबर है कि मानसून का आगे बढ़ना रुक गया है। फिलहाल वह तीन दिन से एक ही स्थान अंडमान निकोबार और कोलंबो के आसपास अटका हुआ है। इसे आगे बढ़ने के लिए कोई भी ताकत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार से पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में मौसम बदलने लगेगा।


