मुंबई। महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने अपने पति अजित पवार के विमान हादसे की सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से मुलाकात की और 28 जनवरी को हुए विमान हादसे की सीबीआई जांच की मांग की। गौरतलब है कि एनसीपी के शरद पवार खेमे के नेता रोहित पवार ने हादसे में साजिश के आरोप लगाए थे। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिख कर जांच की मांग की थी।
उसके बाद सुनेत्रा पवार और एनसीपी नेताओं ने मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से मुलाकात कर बारामती विमान हादसे की सीबीआई जांच की मांग की। सुनेत्रा के साथ उनके बड़े बेटे पार्थ पवार, एनसीपी नेता सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल और हसन मुश्रीफ भी थे। सुनेत्रा पवार ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को एक पत्र सौंपा। तटकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय से बात करने का भरोसा दिया है।
दूसरी ओर विमान दुर्घटना जांच एजेंसी, एएआईबी ने लियरजेट-45 के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर से डेटा निकालने के लिए विशेष सहयोग मांगा है। गौरतलब है कि पुणे जिले के बारामती में 28 जनवरी को एनसीपी नेता और उप मुख्यमंत्री अजित पवार का विमान क्रैश हुआ था। इस हादसे में पवार सहित पांच लोगों की मौत हुई थी। इसके तीन दिन बाद सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। दो फरवरी को एनसीपी के शरद पवार गुट के विधायक और अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने आरोप लगाया था कि उनके चाचा की मौत में साजिश हुई है। उन्होंने मामले की विशेष जांच की मांग की थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



