नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान की ओर से दिए जा रहे बयानों का बहुत तीखे शब्दों में जवाब दिया है। भारत ने कहा है कि सिंधु नदी का पानी पाकिस्तान को नहीं मिलेगा। भारत की ओर से कहा गया है, जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं करता है तब तक सिंधु जल संधि को लेकर कोई बातचीत नहीं होगी।
भारत ने शुक्रवार को कहा कि सिंधु जल संधि को तब तक रोके रखा जाएगा, जब तक पाकिस्तान सीमा पर आतंकवाद का समर्थन करना बंद नहीं कर देता। भारत ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के आक्रामक रवैये और गीदड़भभकी का कोई असर नहीं पड़ने वाला। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल 2025 में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित करने को रोके रखने का फैसला किया था।
हाल के दिनों में पाकिस्तान के कई नेताओं ने हाथ काटने और दूसरी तरह की कई धमकियां दीं। लेकिन भारत ने पाकिस्तान के दुष्प्रचार और धमकियों के जवाब में, शुक्रवार को कहा कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार से आतंकवाद का समर्थन करना बंद नहीं करता, तब तक कुछ भी नहीं बदलेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘सिंधु जल संधि पर भारत का रुख एक जैसा रहा है। पाकिस्तान द्वारा सीमा पार आतंकवाद को लगातार बढ़ावा देने के जवाब में सिंधु जल संधि को रोके रखा गया है। पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद के लिए अपना समर्थन भरोसेमंद और पक्के तौर पर छोड़ना होगा’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



