नई दिल्ली। केंद्र सरकार की ओर से कहा गया है कि तेल और गैस का पर्याप्त भंडार है और साथ ही यह भरोसा भी दिलाया है कि पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़ने जा रहे हैं। सरकार ने बुधवार को कहा कि देश में कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। यह भी कहा गया कि देश में किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल पंपों को सप्लाई करने वाले टर्मिनलों पर भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने दिल्ली में कई मंत्रालयों की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लोगों को डर और घबराहट में पेट्रोल या डीजल की खरीदारी करने से बचना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया गया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। सुजाता शर्मा ने कहा, ‘पैनिक बाइंग के कारण पिछले दो दिनों में कई जगहों पर पेट्रोल पंपों और रिटेल आउटलेट्स के बाहर लंबी कतारें देखी गई हैं। हम बताना चाहते हैं कि देश में कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक है। हमारे पास सालाना करीब 26 करोड़ टन कच्चा तेल रिफाइन करने की क्षमता है’।
बहरहाल, सुजाता शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘पिछले 25 दिनों में करीब 2.5 लाख नए पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं। इसके अलावा करीब दो लाख 20 हजार उपभोक्ताओं ने एलपीजी से पीएनजी में शिफ्ट किया है। साथ ही करीब ढाई लाख नए आवेदन या रजिस्ट्रेशन भी प्राप्त हुए हैं’। इस बीच सरकार ने ऐसे लोगों के लिए पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया है, जिनके घर के पास पीएनजी की पाइपलाइन है। अगर ऐसे लोग कनेक्शन नहीं लेते हैं तो तीन महीने की नोटिस के बाद उनकी एलपीजी का कनेक्शन समाप्त कर दिया जाएगा। सोसायटीज और आरडब्लुए को भी इस बारे में निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले पेट्रोलियम मंत्रालय ने बुधवार की सुबह बताया था कि एलपीजी रिफिल बुकिंग के समय में बदलाव से जुड़ी खबरें और सोशल मीडिया पर चल रही जानकारी पूरी तरह गलत हैं। मंत्रालय ने कहा कि बुकिंग की मौजूदा समय सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह ही जारी रहेगी। बयान में कहा गया कि कुछ खबरों में यह दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना कनेक्शन के लिए 45 दिन और दूसरे कनेक्शन के लिए सिंगल सिलेंडर वालों को 25 दिन और डबल सिलेंडर वालों को 35 दिन की नई समय सीमा दी गई है। यानी इससे पहले वे बुकिंग नहीं करा पाएंगे। सरकार ने इन खबरों को गलत बताया है। कीमत बढ़ने की खबरों को भी सरकार ने गलत बताया है।


