कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस छोड़ने वालों के ऊपर ममता बनर्जी ने पहली बार बयान दिया है। उन्होंने अलग पार्टी गुट बनाने और तृणमूल कांग्रेस पर दावा करने वालों को गद्दार बताया। ममता ने कहा कि जिन विधायकों को उन्होंने टिकट दिया, उनके दस्तखत से जिन्होंने टिकट लेकर नामांकन किया वे दो महीने में कैसे गद्दार हो सकते हैं। ममता ने यह भी कहा कि अगर 2023 से पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था तो ये नेता 2026 में उनकी पार्टी के टिकट से चुनाव क्यों लड़े?
ममता बनर्जी ने फेसबुक लाइव किया और कहा कि वे पीछे नहीं हटने वाली हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी पार्टी को कोई झुका नहीं सकता है। ममता बनर्जी ने कहा कि अगर उनको हटाना है तो पहले उनको मारना पड़ेगा। उन्होंने फेसबुक लाइव में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनके प्रति आभार जताया, जो अब भी उनके साथ हैं।
ममता बनर्जी ने कहा, ‘हमारे कार्यकर्ताओं पर बेबुनियाद मामले दर्ज करके डर का माहौल बनाया जा रहा है। यह देखकर हैरानी होती है कि जिन लोगों ने हमारे टिकट पर चुनाव जीता, वे कह रहे हैं कि पार्टी 2023 से ठीक से काम नहीं कर रही है! हमारे संविधान के अनुसार यह गलत है। अगर ऐसा है, तो आप लोग 2026 में चुनाव कैसे लड़ सकते हैं’?
ममता ने दलबदलू नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, ‘चुनाव चिन्ह मैंने ही दिया था। 2026 के चुनावों में आपके नामांकन पर हस्ताक्षर मैंने ही किए थे। चुनाव के दो महीने के भीतर ही आप गद्दार कैसे बन गए? इसकी भी कोई सीमा होनी चाहिए’। ममता ने आगे कहा, ‘आप अभी बीजेपी के साथ हैं, तो ऐसे नहीं चल सकता, क्योंकि टीएमसी की विचारधारा बीजेपी विरोधी है’। उन्होंने कहा, ‘मैं उन लोगों को दोष नहीं दूंगी जो पार्टी से अलग हो रहे हैं। मुझे पता है कि उन पर दबाव डाला जा रहा है, लेकिन मैं बीजेपी के सामने नहीं झुकूंगी और मेरी पार्टी भी किसी दबाव के आगे नहीं झुकेगी’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



