nayaindia Lok Sabha Election 2024 Schedule सात चरणों में होगा मतदान

लोकसभा चुनाव : सात चरणों में होगा मतदान

Lok Sabha Election 2024 Schedule
Lok Sabha Election 2024 Schedule

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 की घोषणा कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दो अन्य चुनाव आयुक्तों के साथ शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस करके आम चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। पिछली बार की तरह इस बार भी लोकसभा की 543 सीटों के लिए सात चरणों में मतदान होगा। Lok Sabha Election 2024 Schedule

पहले चरण की अधिसूचना 20 मार्च को जारी होगी और पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा। सात चरणों के मतदान के बाद चार जून को वोटों की गिनती होगी और नतीजे आएंगे। चुनाव आयोग ने इसके साथ ही चार राज्यों में भी विधानसभा चुनाव कराए जाने का ऐलान किया है।

शनिवार को हुई घोषणा के मुताबिक पहले चरण में 19 अप्रैल को 102 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 89 सीटों पर मतदान होगा। तीसरे चरण में सात मई को 94 सीटों पर वोट पड़ेंगे। चौथे चरण में 13 मई को 96 सीटों पर मतदान होगा। पांचवें चरण में 20 मई को 49 सीटों पर और छठे चरण में 25 मई को 57 सीटों पर वोट डावे जाएंगे।

सातवां और आखिरी चरण एक जून को होगा, जिसमें 57 सीटों पर मतदान होगा। सभी चरणों के वोटों की गिनती एक साथ चार जून को होगी। मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को समाप्त हो रहा है और नई लोकसभा का गठन उससे पहले होना है। Lok Sabha Election 2024 Schedule

बहरहाल, चुनाव की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा- हमारी टीम अब पूरी हो चुकी है, हम भारतीय लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमारा वादा इस तरह से राष्ट्रीय चुनाव कराने का है, जिससे विश्व स्तर पर भारत का गौरव बढ़े। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इस बार के लोकसभा चुनाव में 55 लाख ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने ईवीएम के दुरुपयोग के विपक्ष के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर एक शेर सुना कर सवाल को टाल दिया। उन्होंने शायरी के जरिए कहा कि अपनी कमजोरी होती है, जिसका ठीकरा ईवीएम पर फोड़ा जाता है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने आम चुनाव के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ वर्षों में महिला मतदाताओं की भागीदारी में बढ़ोतरी देखी गई है। उन्होंने बताया कि इस बार के आम चुनाव में देश में 96.8 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 49.7 करोड़ है और महिला मतदाताओं की संख्या 47.1 करोड़ है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि इस बार दो करोड़ से कुछ कम नए मतदाता जुड़े हैं। महिला मतदाताओं के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 18 से 19 साल की उम्र के 85.3 लाख महिला मतदाता हैं। उन्होंने कहा- हमारी मतदाता सूची में 85 साल से अधिक उम्र के 82 लाख और एक सौ साल से अधिक उम्र के 2.18 लाख मतदाता शामिल हैं।

इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने उतरेगी। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए का सीधा मुकाबला विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के साथ है, जिसमें मुख्य पार्टी कांग्रेस है। पिछले चुनाव में भाजपा को 303 और कांग्रेस को 52 सीटें मिली थीं। इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा को 370 सीट हासिल करने का लक्ष्य तय किया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें