नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में तबाही लाने की धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि ईरान 48 घंटे में होर्मुज की खाड़ी खोल दे अन्यथा अमेरिकी सेना कहर बरपाएगी। यह धमकी देते हुए ट्रंप इतने गुस्से में थे कि उन्होंने ईरान गाली भी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ईरान के लिए ‘बास्टर्ड’ लिखा है। उन्होंने अपनी पोस्ट में और भी गाली लिखी है। ईरान ने इसके जवाब में कहा है कि हार की हताशा और घबराहट में ट्रंप इस तरह की बातें कर रहे हैं। ट्रंप के 48 घंटे की अवधि भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार की सुबह पूरी होगी।
ट्रंप ने होर्मुज की खाड़ी नहीं खोलने पर ईरान को नरक बना देने की धमकी दी और साथ ही ईरान में ऊर्जा संयंत्रों और पुलों पर हमला करने की बात भी कही। राष्ट्रपति ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान में मंगलवार को पावर प्लांट डे और ब्रिज डे एक साथ होगा यानी हमला होगा। उन्होंने लिखा, ‘ईरान होर्मुज स्ट्रेट खोले दे, नहीं तो नरक जैसे हालात में पहुंच जाएगा’।
अमेरिका ने इससे पहले गुरुवार को ईरान की राजधानी तेहरान को कराज शहर से जोड़ने वाले बी1 हाईवे ब्रिज पर हमला किया था। यह पुल इसी साल शुरू हुआ था और इसे पूर् मध्य पूर्व का सबसे ऊंचा पुल माना जाता है। इस पुल के निर्माण पर करीब 38 सौ करोड़ रुपए की लागत आनी थी। इससे पहले ट्रंप ने ईरान को 10 दिन की मोहलत दी थी, जो छह अप्रैल को समाप्त हो रही थी। उन्होंने कहा कि ईरान 10 दिन में डील करे नहीं तो उसके ऊर्जा संयंत्रों पर हमला करेंगे। यह समय सीमा अब थोड़ी आगे बढ़ गई है।
इस बीच ईरान ने राष्ट्रपति ट्रंप के 48 घंटे में होर्मुज खाड़ी खोलने के अल्टीमेटम को ठुकरा दिया है। ईरानी सेना ने कहा है कि अमेरिका बेबस और घबरा कर धमकियां दे रहा है। इससे पहले भी खबर थी कि ट्रंप की ओर से ईरान को 48 घंटे के युद्धविराम का प्रस्ताव दिया गया था, जिसे ईरान ने ठुकरा दिया था। हालांकि उस दौरान भी युद्ध जारी रहा। अमेरिका और इजराइल ने ईरान के कई नागरिक ढांचों पर भी हमला किया है। उसके पेट्रोकेमिकल प्लांटस को भी निशाना बनाया गया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




