राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

ट्रंप-पुतिन-शी का ‘शांति घोषणा’ पत्र, परमाणु वार्ता पर सहमति

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गुरुवार को चीन के शेनझेन में ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक के बाद संयुक्त ‘शांति घोषणा’ जारी की। इसमें तीनों नेताओं ने रणनीतिक स्थिरता बनाए रखने, परमाणु हथियारों से जुड़े जोखिमों को कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

घोषणा में संयुक्त राष्ट्र में सुधार, ऊर्जा सुरक्षा, देशों की संप्रभुता एवं वरिष्ठ अधिकारियों की कानूनी प्रतिरक्षा का सम्मान तथा परमाणु जोखिमों में कमी सहित सहयोग के चार प्रमुख क्षेत्र शामिल किए गए हैं। दुनिया की तीन प्रमुख परमाणु शक्तियों के नेताओं की यह बैठक ऐसे समय हुई, जब वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। वार्ता में परमाणु सुरक्षा, ऊर्जा, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं और संघर्षों के समाधान जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

करीब डेढ घंटे (90 मिनट) तक चली बैठक के बाद श्री ट्रंप चीन से रवाना हो गए। उन्होंने इस मुलाकात को दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों की ओर से “वास्तव में इतिहास रचने” का प्रयास बताया।

संयुक्त घोषणा में कहा गया कि तीनों देश रणनीतिक स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसमें परमाणु युद्ध के संबंध में दोहराया गया कि “परमाणु युद्ध जीता नहीं जा सकता और इसे कभी लड़ा नहीं जाना चाहिए। नेताओं ने परमाणु जोखिमों को कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए संवाद जारी रखने पर भी सहमति जताई।

श्री शी ने परमाणु हथियारों को “मानवता के सिर पर लटकती डैमोक्लीज की तलवार” बताते हुए परमाणु युद्ध रोकने के प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे हथियारों पर व्यापक रूप से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए और उन्हें पूरी तरह नष्ट किया जाना चाहिए। श्री ट्रंप ने कहा कि तीनों देश अपने परमाणु हथियारों के जखीरे में कटौती पर चर्चा करने की विशिष्ट स्थिति में हैं। उन्होंने परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए सहयोग के महत्व पर भी जोर दिया।

Also Read : अमेरिकी ठिकानों पर हमला आत्मरक्षा: ईरान

घोषणा के अनुसार, नेताओं ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी चर्चा की और दुनिया के देशों के लाभ के लिए परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन तथा आपूर्ति बढ़ाने पर सहमति जताई। ऊर्जा आपूर्ति पर यह चर्चा ऐसे समय हुई है, जब भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में संभावित व्यवधानों को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। हालांकि, घोषणा में ईरान युद्ध का विशेष रूप से उल्लेख नहीं किया गया।

तीनों शीर्ष नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार का भी आह्वान किया, ताकि यह वैश्विक चुनौतियों का अधिक प्रभावी ढंग से सामना कर सके और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के अपने मूल दायित्व को पूरा कर सके। ऊर्जा सहयोग के संबंध में घोषणा में कहा गया कि चीन, रूस और अमेरिका दुनिया भर के देशों के हित में परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन और आपूर्ति बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। नेताओं ने ऊर्जा का निर्बाध और स्थिर प्रवाह बनाए रखने के महत्व को भी दोहराया।

अंतरराष्ट्रीय कानूनी संस्थाओं के संबंध में नेताओं ने वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की कानूनी प्रतिरक्षा का सम्मान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) और इसी तरह की संस्थाओं को अपने अधिकार क्षेत्र का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए।

श्री ट्रंप पहले भी आईसीसी की आलोचना करते हुए इसे “नियंत्रण से बाहर” बताया है। वहीं, रूस के राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ यूक्रेन पर रूसी हमले से जुड़े कथित युद्ध अपराधों के आरोप में आईसीसी ने 2023 में गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। श्री पुतिन ने कहा कि यूक्रेन युद्ध सहित विभिन्न संघर्षों के समाधान में तीनों देशों के कई साझा हित हैं और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने की उनकी साझा जिम्मेदारी है।

यह घोषणा अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर तीनों नेताओं के बीच विचारों के आदान-प्रदान के बाद जारी की गई। तीनों पक्षों ने रणनीतिक स्थिरता बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment