इम्फाल। मणिपुर में राष्ट्रपति शासन के एक साल पूरे होने से पहले एक बार फिर राज्य में लोकप्रिय सरकार बनने जा रही है। भाजपा विधायक दल ने मंगलवार को युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर को नेता चुना। वे राज्य के 13वें मुख्यमंत्री होंगे। विधायक दल का नेता चुने जाने की बाद उनको बुधवार को शपथ दिलाई जा सकती है। वे एक समय पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के सबसे करीबी समर्थकों में से थे। हालांकि बाद में वे उनके आलोचक हो गए थे।
बहरहाल, जानकार सूत्रों का कहना है कि कुकी-जो समुदाय के 10 विधायकों में से एक को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इससे पहले मंगलवार को मणिपुर विधायक दल का नेता चुनने के लिए नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुग, संबित पात्रा और मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि मणिपुर से एनडीए के करीब 20 विधायक रविवार रात को दिल्ली पहुंचे थे। वहीं अन्य विधायक सोमवार को केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर राजधानी पहुंचे। सोमवार को लोकप्रिय सरकार के गठन का अंतिम फैसला हुआ।
गौरतलब है कि नौ फरवरी 2025 को एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के चार दिन बाद, 13 फरवरी 2025 से राष्ट्रपति शासन लागू किया गया। 12 फरवरी 2026 राष्ट्रपति शासन खत्म हो रहा है। उससे पहले युमनाम खेमचंद सिंह को नया मुख्यमंत्री बनाने का फैसला हुआ। वे बहुसंख्यक मैतेई समुदाय से आते हैं। उम्मीद की जा रही है कि लोकप्रिय सरकार के गठन के बाद मैतेई और कुकी समुदाय के बीच बनी दूरी को समाप्त करने के लिए काम होगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


