भारत एक अद्भुत देश है, जहां उपदेश और प्रवचन में जो बातें कही जाती हैं, उनके ठीक विपरीत आचरण किया जाता है। भारत से ज्यादा किसी दूसरे देश में दया, त्याग, क्षमा, सत्य, अहिंसा आदि की बात नहीं की जाती है। लेकिन बाकी देश बिना बात किए इन मानवीय मूल्यों का पालन करते हैं और भारत में सिर्फ बातें होती हैं। इस समय इन बातों का जिक्र इसलिए है क्योंकि चार दिन पहले नीट पेपर लीक के आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने की सुनवाई हुई, जिसमें सभी 14 आरोपियों ने कहा कि वे बेगुनाह हैं। इसके बाद कभी समाप्त नहीं होने वाली अदालती कार्यवाही शुरू हो गई।
मेडिकल में दाखिले के लिए इस साल हुई परीक्षा में 22 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए थे। महीनों, बरसों की मेहनत और तैयारी के बाद तीन मई को उन्होंने परीक्षा दी। सात मई को पता चला कि पेपर लीक हो गया है और 12 मई को परीक्षा रद्द हो गई। छात्रों को 21 जून को दोबारा परीक्षा देनी पड़ी। इसे लेकर बड़ा आंदोलन हुआ, जिसके बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा भी हुआ।
छात्रों, अभिभावकों और सिविल सोसायटी के दबाव में इस मामले की गंभीरता से जांच हुई और कई आरोपी पकड़े गए। कम से कम चार आरोपी तो ऐसे हैं, जो परीक्षा का आयोजन करने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए के लिए काम करते थे। वे प्रश्नपत्र बनाने के काम में शामिल थे और आरोप है कि उन्होंने पेपर लीक किया। कुल 14 लोग गिरफ्तार किए गए और अदालत में खड़े होकर सभी ने कहा कि वे बेकसूर हैं।
यह खबर आने के बाद जानने में दिलचस्पी हुई कि क्या भारत में आरोपी कभी अपना अपराध स्वीकार भी करते हैं? इसकी पड़ताल करने पर हैरान करने वाली जानकारियां सामने आईं। सत्य, अहिंसा, न्याय, दया, तप, त्याग, क्षमा जैसे मूल्यों की रात दिन दुहाई देने वाले भारत में सिर्फ 0.11 फीसदी आरोपी अदालत में अपना अपराध स्वीकार करते हैं। सोचें, एक हजार में से एक आरोपी अपराध स्वीकार करता है!
कानूनी भाषा में अपराध स्वीकार करने को ‘प्ली बार्गेनिंग’ या ‘गिल्टी प्ली’ करना कहते हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो यानी एनसीआरबी और कानून व न्याय मंत्रालय के आंकड़ों के आधार पर 2024 में एक रिपोर्ट प्रकाशित हुई थी, जिसमें 2022 के आंकड़े दिए गए थे। इसके अनुसार देश भर की अदालतों में विचाराधीन कुल 1.70 करोड़ से अधिक आपराधिक मामलों में से सिर्फ 19,135 यानी 0.11 फीसदी का ही निपटारा ‘प्ली बार्गेनिंग’ के जरिए हुआ। इन आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और कम सजा पाने की प्रक्रिया तहत मामले का निपटारा हुआ।
यह आंकड़ा उन मामलों का है, जिनमें आरोप तय हो गए हैं। वैसे तो भारत की अदालतों में पांच करोड़ मामले लंबित हैं। बहरहाल, इस पर विचार करें कि भारत में ऐसा क्यों होता है कि कोई भी आरोपी अपराध स्वीकार नहीं करता है, उससे पहले दुनिया के दूसरे देशों के आंकड़े देखें तो हैरानी होती है। भारत के लोग जिन देशों के नागरिकों को नैतिक रूप से भ्रष्ट या अपने से कमतर मानते हैं उन देशों में ज्यादातर आरोपी अपना अपराध स्वीकार कर लेते हैं। अमेरिका में 90 से 95 फीसदी मामलों का निपटारा ‘प्ली बार्गेनिंग’ के जरिए होता है। कनाडा में 85 से 90 फीसदी, ऑस्ट्रेलिया में 80 से 85 फीसदी और यूरोप के देशों में 85 फीसदी तक मामले ऐसे ही निपट जाते हैं।
इन देशों में आरोपिय़ों के अपराध स्वीकार कर लेने के पीछे दो स्पष्ट कारण होते हैं। पहला, अपराध करने के बाद उनके अंदर ग्लानि का भाव आता है। उनकी नैतिकता उन्हें अपराध स्वीकार करने के लिए प्रेरित करती है। दूसरा, कारण यह है कि उनको यकीन होता है कि पकड़े गए हैं तो कानून के मुताबिक जांच होगी और निश्चित रूप से सजा होगी। इसलिए वे अपराध कबूल करके कम सजा की मांग करते हैं। तभी उनकी जेल विचाराधीन कैदियों से भरी हुई नहीं है और न अदालतों के सामने करोड़ों लंबित मुकदमे हैं।
इसके विपरीत भारत में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार नहीं करने के पीछे भी दो कारण हैं।
पहला कारण यह है कि भारत के लोगों का नैतिकता बोध बहुत कमजोर है और बड़े से बड़ा अपराध करने के बाद भी उनके अंदर आत्मग्लानि का भाव नहीं आता है। दूसरा कारण यह है कि उनको पता है कि भारत में जांच व अपराध न्याय की प्रणाली ऐसी है कि मुकदमे दशकों तक चलेंगे और ज्यादा संभावना यह है कि उनको सजा न हो। कई बार सहज नकारेपन की वजह से मुकदमे दशकों तक चलते हैं और कई जगह पैसे और पैरवी की ताकत से भी आरोपियों को पूरी प्रक्रिया को प्रभावित करने का भरोसा होता है। एक और कारण यह है कि उनको लगता है कि सजायाफ्ता होकर जीने से बेहतर है आरोपी रह कर जीवन बीता देना।
अगर भारत में अपराध स्वीकार करने वालों के आंकड़ों को बारीकी से देखें तो और तस्वीर साफ होती है। ज्यादातर मामले छोटे अपराध के होते हैं। इनमें ट्रैफिक चालान, मामूली आबकारी या स्थानीय कानूनों के उल्लंघन से जुड़े या चेक बाउंस आदि के मामले होते हैं, जिनमें आरोपी अपराध स्वीकार कर लेता है। एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक ऐसे मामलों में सजा होने की दर बहुत ऊंची है और ऐसा इसलिए है क्योंकि आरोपी अपराध स्वीकार कर लेता है।
अगर कानून की बात करें तो भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी बीएनएसएस के तहत सिर्फ उन्हीं अपराधों में ‘प्ली बार्गेनिंग’ हो सकती है, जिनमें सात साल या उससे कम की सजा का प्रावधान है। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध या देश की सामाजिक व आर्थिक स्थिति को प्रभावित करने वाले अपराध इसमें शामिल नहीं हैं। लेकिन सवाल है कि ज्यादातर अपराध इसी श्रेणी के होते हैं फिर क्यों नहीं आरोपी अपराध स्वीकार करते हैं?
दूसरा सवाल यह है कि गंभीर अपराध में भले ‘प्ली बार्नेगिंग’ की सुविधा नहीं है लेकिन आरोप तय करते समय तो पूछा ही जाता है कि आरोपी अपराध स्वीकार करता है या नहीं फिर ऐसे मामलों में भी आरोपी अपराध क्यों नहीं स्वीकार करता है? सोचें, दिल्ली के निर्भया कांड जैसे घनघोर अमानवीय अपराध में भी आरोपियों ने अदालत में खड़े होकर कहा था कि वे बेकसूर हैं! हालांकि बाद में एक आरोपी ने जेल में आत्महत्या कर ली और बाकियों को फांसी की सजा हुई। लेकिन वे अंतिम सांस तक अपने को बेकसूर साबित करने के लिए मुकदमा लड़े।
इसका यह अर्थ नहीं है कि उनको भरोसा था कि वे बेकसूर हैं, बल्कि उनको इस बात का भरोसा था कि लंबी सुनवाई की प्रक्रिया में वे बच भी सकते हैं। इसका यह भी अर्थ है कि उनके अंदर अपने किए को लेकर किसी तरह का पछतावा नहीं था। अगर उस मामले को लेकर दिल्ली में इतना बड़ा आंदोलन नहीं खड़ा हुआ होता और पूरा देश निर्भया की तकलीफ को अपनी तकलीफ मान कर आक्रोशित नहीं हुआ होता तो शायद उस मामले का भी वही हस्र होता, जो भारत में ज्यादातर आपराधिक मामलों का होता है। यह भारत में पुलिस की जांच और अपराध न्याय प्रक्रिया की विद्रूपता है कि गंभीर से गंभीर अपराध के बाद और अपराध करते हुए रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद भी आरोपी अपने को बेकसूर बताता है और ज्यादातर मामलों में बेकसूर साबित भी हो जाता है।
इसकी एक मिसाल भ्रष्टाचार निरोधक कानून या आर्म्स एक्ट या ड्रग्स एक्ट के तहत हुई गिरफ्तारियों का है। भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत तो एजेंसियां सचमुच रंगे हाथों सरकारी कर्मचारियों को पकड़ती हैं। वे ऐसे नोट के साथ पकड़े जाते हैं, जिन पर खास किस्म का केमिकल लगा होता है, जिसका रंग उनके हाथों पर लग जाता है। फिर भी भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत सजा होने और अधिकारी या कर्मचारी के बरखास्त होने का प्रतिशत मामूली है।
ऐसे ही आर्म्स एक्ट या ड्रग्स एक्ट में तो पुलिस खुद सबूत के साथ गिरफ्तार करती है। हथियार और नशीली वस्तुएं जब्त होती हैं। फिर भी आरोपी बच जाते हैं। सो, जब आरोपियों को अधिकतर मामलों में बच जाने का भरोसा होगा तो वे क्यों अपराध स्वीकार करेंगे? जांच और न्याय प्रणाली की इस वास्तविकता के बावजूद आरोप स्वीकार करने की एक ही स्थिति है कि आरोपी की आत्मा जगे और उसे अपने किए पर पछतावा हो। भारत में ऐसे नैतिकता बोध वाले लोगों की संख्या शून्य प्रतिशत के आसपास ही होगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



