भाजपा महिला सशक्तिकरण के तौर पर फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को पेश कर रही है। नए संसद भवन की पहली कार्यवाही में जब महिला आरक्षण बिल पेश होना था तब कंगना रनौत को संसद में बुलाया गया था। संसद परिसर में भाजपा के सांसदों और नेताओं ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाई। बताया जा रहा है कि कंगना ने एक मूवी माफिया का हौव्वा खड़ा किया और अपने को उससे लड़ने वाले योद्धा के तौर पर पेश किया। सोशल मीडिया के जरिए ऐसा मैसेज बना, जैसे मुस्लिम अभिनेता, निर्देशक, निर्माता आदि दुबई से गाइड होते हैं और कंगना उनसे लड़ रही हैं। इस लड़ाई का उनको बहुत फायदा मिला। इसके बाद उन्होंने हर मुद्दे पर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन करना शुरू किया।
अब उसका अंतिम मुकाम आता दिख रहा है। बताया जा रहा है कि अगले साल हिमाचल प्रदेश में वे लोकसभा का चुनाव लड़ेंगी। उनको मंडी सीट पर कांग्रेस नेता और मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह के खिलाफ खड़ा किया जा सकता है। ध्यान रहे वीरभद्र सिंह का परिवार अब भी मजबूत असर रखता है और वह कांग्रेस की बड़ी ताकत है। अगर प्रतिभा सिंह को कंगना हराती हैं तो कांग्रेस का नुकसान शुरू होगा। दूसरे, यह भी कहा जा रहा है कि हर बार भाजपा को कुछ मशहूर फिल्मी सितारों को टिकट देना होता है। अगले चुनाव में हेमामालिनी और सन्नी देओल दोनों नहीं लड़ने वाले हैं। शत्रुघ्न सिन्हा, बाबुल सुप्रिया आदि पहले ही जा चुके हैं। अब सिर्फ किरण खेर और भोजपुरी सिनेमा के तीन लोग बचे हैं, जो पार्टी की टिकट पर लड़ेंगे। तभी अगर कंगना रनौत भाजपा की टिकट से लड़ती हैं तो हेमामालिनी वाली कमी पूरी होगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



