Wednesday

30-04-2025 Vol 19

कांग्रेस का बिहार की आठ सीटों पर दावा

264 Views

जानकार सूत्रों के मुताबिक लालू प्रसाद से मुलाकात में राहुल गांधी और कांग्रेस के बिहार के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने लोकसभा सीटों के बंटवारे के बारे में बात की। हालांकि बातचीत में शामिल किसी ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। कहा जा रहा है कि सीट बंटवारे के बारे में जब बात होगी तो राजद, जदयू और कांग्रेस तीनों के नेता होंगे। लेकिन बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने आठ लोकसभा सीटों का दावा किया है। महागठबंधन के जानकार सूत्रों का कहना है कि बिहार की 40 लोकसभा सीटों को लेकर 16-16-8 का फॉर्मूला बना है। यानी राजद और जदयू 16-16 सीटों पर लड़ेंगे और आठ सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। इन तीन के अलावा छोटी पार्टियों या लेफ्ट पार्टियों को राजद और जदयू अपने कोटे से सीट देंगे।

दोनों बड़ी पार्टियों के नेता इस फॉर्मूले को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। राजद नेताओं का कहना है कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 70 सीटें ले लीं और सिर्फ 19 पर जीती। अगर उसे कम सीट दी गई होती और ज्यादा सीट पर राजद व लेफ्ट के उम्मीदवार लड़े होते तो महागठबंधन की सरकार बन जाती। इस तर्क से वे कांग्रेस को चार या पांच सीट लड़ने की नसीहत दे रहे हैं। उनका कहना है कि ज्यादा सीट राजद, जदयू और लेफ्ट के लड़ने पर ज्यादा जीतने की संभावना होगी। दूसरी ओर कांग्रेस का कहना है कि विधानसभा में वह कम सीट ले लेगी, लेकिन अभी राष्ट्रीय चुनाव में कांग्रेस का माहौल है तो उसे ज्यादा सीट मिले।

सो, कांग्रेस जो आठ सीट चाहती है उसमें ज्यादातर सीटें ऐसी हैं, जहां से उसके बड़े नेता चुनाव लड़े हैं और जीते हैं। जैसे पूर्व स्पीकर मीरा कुमार की सासाराम सीट कांग्रेस चाहती है। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर रहे पूर्व सांसद निखिल कुमार की औरंगाबाद सीट भी कांग्रेस ने मांगी है। अपनी मौजूदा किशनगंज सीट के साथ साथ कांग्रेस को उससे सटी पूर्णिया की सीट भी चाहिए। कांग्रेस ने वैशाली की अपनी पुरानी सीट भी मांगी है, जहां से ललितेश्वर प्रसाद शाही जीतते थे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह पिछली बार कांग्रेस की टिकट से मुजफ्फरपुर सीट से लड़े थे। कांग्रेस ने यह सीट भी मांगी है। पटना साहिब की सीट भी कांग्रेस चाहती है, जहां से शत्रुघ्न सिन्हा चुनाव लड़े थे।

मोहन कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *