nayaindia Rajya sabha election राज्यसभा के लिए कांग्रेस में खूब दावेदार

राज्यसभा के लिए कांग्रेस में खूब दावेदार

कांग्रेस पार्टी के ज्यादातर नेता राज्यसभा सीट की दावेदारी कर रहे हैं। परदे के पीछे से काम करने वाले हों या डाटा का काम करने और पार्टी के प्रवक्ता हों सबको राज्यसभा की सीट चाहिए। लोकसभा का चुनाव कोई नहीं लड़ना चाहता है। कांग्रेस ने मीडिया विभाग के प्रभारी और कोषाध्यक्ष का काम संभाल रहे दो नेता राज्यसभा के लिए दावेदारी कर रहे हैं। पिछली बार जब रणदीप सुरजेवाला को राज्यसभा भेजा गया था तब पवन खेड़ा भी दावेदार थे और उन्होंने कहा था कि शायद उनकी तपस्या में कोई कमी रह गई थी। इस बार खेड़ा प्रबल दावेदार हैं। उनके अलावा पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन भी दावेदार है। पिछली बार माकन को हरियाणा से टिकट मिली थी लेकिन कांग्रेस के किसी विधायक की क्रॉस वोटिंग से वे चुनाव हार गए थे। आमतौर पर कांग्रेस के कोषाध्यक्ष को राज्यसभा की सीट मिल जाती है।

कांग्रेस के वकील नेता अभिषेक सिंघवी इस साल रिटायर हो रहे हैं। वे पिछली बार पश्चिम बंगाल से राज्यसभा पहुंचे थे लेकिन इस बार कांग्रेस के पास वहां कोई विधायक नहीं है। इसलिए सिंघवी अपने गृह राज्य राजस्थान से राज्यसभा के दावेदार हैं। पवन खेड़ा भी राजस्थान से ही दावेदार हैं। वहां से कांग्रेस को एक सीट मिल सकती है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह वहां से रिटायर हो रहे हैं। राजस्थान के ही रहने वाले कांग्रेस के प्रवक्ता गौरव वल्लभ भी दावेदार हैं। पिछले साल वे उदयपुर सीट से विधानसभा का चुनाव लड़े थे और उससे पहले झारखंड में लोकसभा का चुनाव भी वे लड़ चुके हैं। राहुल गांधी के करीबी और राजस्थान की अलवर सीट से सांसद रहे जितेंद्र सिंह भी राज्यसभा के दावेदार हैं। हिमाचल प्रदेश में एक सीट खाली हो रही है, जो कांग्रेस को मिल जाएगी। उस सीट से सोनिया गांधी या प्रियंका गांधी वाड्रा के चुने जाने की अटकलें हैं। लेकिन वहां के दो नेता, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा दोनों दावेदार हैं। छत्तीसगढ़ में एक सीट खाली हो रही है लेकिन वहां कांग्रेस जीतने की स्थिति में नहीं है लेकिन पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी दावेदार हैं। कांग्रेस को दक्षिण भारत में सीटों का फायदा होगा। उसे कर्नाटक में तीन और तेलंगाना में दो सीटें मिलेंगी। तेलंगाना से भी सोनिया गांधी के उच्च सदन जाने की चर्चा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के करीबी और कर्नाटक से रिटायर हो रहे नासिर हुसैन भी दावेदार हैं। तेलंगाना चुनाव में अहम भूमिका निभाने वाले के राजू, कांग्रेस के लिए डाटा का काम संभालने वाले प्रवीण चक्रवर्ती और राहुल के सहयोगी सचिन राव भी दावेदार हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें