पटना की बांकीपुर सीट का उपचुनाव पूरे देश के लिए दिलचस्पी का कारण बना है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर खुद वहां से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने राजद ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया तो भाजपा ने अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक बंटी को उम्मीदवार बनाया है। अभिषेक भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ही उनको पदाधिकारी बनवाया और उन्होंने ही टिकट दिलाई है। वे लंबे समय से नितिन नबीन के परिवार के करीबी रहे हैं और कायस्थ समाज से ही आते हैं। ध्यान रहे बांकीपुर सीट पर पिछले नौ चुनाव में पहले नितिन नबीन के पिता जीते और फिर नितिन नबीन जीते। अब नितिन नबीन राज्यसभा सांसद हो गए हैं तो उनके इस्तीफे से सीट खाली हुई है।
इस सीट पर प्रशांत किशोर के खिलाफ लड़ने के लिए अभिषेक कुमार के चयन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। भाजपा के कार्यकर्ता और नेता हैरानी जता रहे हैं। पटना में तरह तरह की कहानियां चल रही हैं। कहा जा रहा है कि अभिषेक के पिता का लालू प्रसाद के साथ बहुत करीबी संबंध था और इसलिए चारा घोटाले में उनके ऊपर आरोप लगे थे। अभिषेक के माता और पिता दोनों पर आरोप लगने और उनके जेल जाने की खबर पटना में चल रही है। हालांकि आधिकारिक रूप से कोई कुछ नहीं कह रहा है। प्रशांत किशोर इस बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस की तैयारी कर रहे हैं। इसी तरह भाजपा उम्मीदवार के दो वीडियो की भी बहुत चर्चा है। इससे भी पार्टी को नुकसान हो सकता है। साथ ही पार्टी के अंदरूनी शक्ति संतुलन पर भी असर पड़ सकता है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




