कांग्रेस पार्टी ने केरल में कांग्रेस अध्यक्ष बदल दिया। अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और उससे पहले के सुधाकरण को हटा कर पार्टी ने सनी जोसेफ को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। असल में कांग्रेस पार्टी ईसाई वोट को लेकर पिछले कुछ समय से चिंतित थी। एके एंटनी के संन्यास लेने, उनके बेटे अनिल एंटनी के भाजपा में शामिल हो जाने और पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के निधन के बाद से कांग्रेस की चिंता बढ़ी थी। ऊपर से मुस्लिम समुदाय के पूरी तरह से कांग्रेस के साथ जुड़ने की धारणा की वजह से भी ईसाई दूरी बना रहे थे। माना जा रहा था कि ईसाई वोट सीपीएम के नेतृत्व वाले गठबंधन और भाजपा की ओर जा सकता है। इसलिए कांग्रेस ने कन्नूर के इलाके से आने वाले पार्टी विधायक सनी जोसेफ को अध्यक्ष बनाया है।
हालांकि इसके साथ ही पार्टी ने समुदायों का संतुलन साधने का भी पूरा प्रयास किया है। ईसाई अध्यक्ष बनाने के बाद कांग्रेस ने अपने नेतृत्व वाले यूडीएफ यानी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट का संयोजक अदूर प्रकाश को बनाया है। वे हिंदू हैं और एझवा समुदाय से आते हैं। एझवा समुदाय से इससे पहले वायलार रवि कांग्रेस के सबसे बड़े नेता होते थे। इतना ही नहीं कांग्रेस ने अपने मुस्लिम नेता शफी पराम्बिल को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। उनके साथ एपी अनिल कुमार और पीसी विष्णुनंद को भी कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इस तरह कांग्रेस ने जाति और समुदाय दोनों का संतुलन बनाया है। शशि थरूर और रमेश चेन्निथला भी चुनाव से पहले अध्यक्ष बनना चाहते थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




