चुनाव आयोग और महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी असली और नकली शिव सेना का फैसला कर दिया है। उन्होंने सोमवार को महाराष्ट्र की एक चुनावी सभा में उद्धव ठाकरे गुट की पार्टी को नकली शिव सेना कहा। इसका मतलब है कि उनकी नजर में भी एकनाथ शिंदे का गुट असली शिव सेना है।
चुनाव आयोग और स्पीकर ने भी उसी को असली शिव सेना माना क्योंकि उसके साथ ज्यादा विधायक और सांसद थे। यह अलग बात है कि उसके साथ जितने सासंद थे उतनी सीटें भी भाजपा उनको बड़ी मुश्किल से दे रही है। पिछली बार एकजुट शिव सेना जितनी सीटों पर लड़ी थी उतनी सीटें देने की बात तो दूर है।
गौरतलब है कि पिछली बार भाजपा 25 और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली एकीकृत शिव सेना 23 सीटों पर लड़ी थी, जिसमें से 18 पर उसे जीत मिली थी। इस बार भाजपा एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली असली शिव सेना को 13 सीटें भी मुश्किल से दे रही है। सवाल है कि अगर वह असली शिव सेना है तो उसे पिछली बार की तरह 23 सीट क्यों नहीं मिल रही है?
कह सकते हैं कि इस बार अजित पवार के रूप में एक नया सहयोगी भी है, जिसे चार सीटें दी जा रही हैं। तब भी चार सीट छोड़ कर 19 सीट शिव सेना को मिल सकती थी। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। कुल मिला कर असली शिव सेना 13 और असली एनसीपी चार सीट लड़ते दिख रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



