राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

राहुल और अखिलेश ही तय करेंगे सीट

उत्तर प्रदेश को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ख़ड़गे के घर पर रविवार को हुई बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर लंबी चर्चा हुई थी। उसी दिन कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे पर बातचीत करने के लिए पांच सदस्यों की एक कमेटी भी बनाई और साथ ही पांच चुनावी राज्यों में उम्मीदवार तय करने के लिए एक छंटनी समिति भी बनाई। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश में तालमेल की बातों की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके साथ संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद को रखा गया। उत्तर प्रदेश की छंटनी समिति की अध्यक्षता अजय माकन को सौंपी गई। उनके साथ यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास भी हैं। लेकिन इसके अगले दिन सोनिया गांधी की किताब का विमोचन हुआ, जहां अखिलेश यादव को सबसे महत्वपूर्ण मेहमान के तौर पर सोनिया गांधी की बगल में बैठाया गया।

इसके बाद खबर आई कि मंगलवार को होने वाली सीट बंटवारे की बातचीत टाल दी गई है। कांग्रेस के जानकार सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव की मुलाकात हुई, जिसके बाद बैठक टालने का फैसला हुआ। अब इसमें दो सवाल हैं। पहला सवाल तो यह है कि बैठक टालने का क्या कारण है, अगर पहली औपचारिक बैठक हो ही जाती तो क्या हो जाता? दूसरा सवाल यह है कि क्या प्रियंका गांधी वाड्रा को तालमेल की जिम्मेदारी सिर्फ नाम के लिए दी गई है और अंतिम फैसला खुद राहुल करेंगे? जानकार सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की ओर से जिन 181 सीटों की मांग की गई है उसे लेकर समाजवादी पार्टी बहुत असहज है और उस संख्या पर किसी तरह से बात करने को राजी नहीं है। कहा जा रहा है कि सपा चाहती है कि कांग्रेस पहले इस संख्या को नीचे लाए और उसके बाद बातचीत की टेबल पर आए। कहने का अर्थ है कि सपा बातचीत शुरू होने से पहले ही कांग्रेस की मांग कम करना चाहती है।

इसका सबसे बड़ा कारण यह भी बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने सपा को जो सूची सौंपी है उसमें कई जिलों की सारी सीटें कांग्रेस ने मांगी हैं। जानकार सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने अपने असर वाले अमेठी और रायबरेली, के साथ साथ दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर मतलब नोएडा की सभी सीटें मांगी हैं। कांग्रेस ने हापुड, बुलंदशहर के साथ साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में देवरिया की भी सभी सीटें मांगी हैं। इसके अलावा राजधानी लखनऊ, प्रयागराज, फतेहपुर, जौनपुर, सहारनपुर, प्रतापगढ़ आदि जिलों की अधिकतर सीटें लड़ना चाहती है। सपा का लग रहा है कि बहुत गंभीरता से यह सूची नहीं तैयार की गई है। सपा के नेता मान रहे हैं कि सिर्फ ज्यादा सीटें मांगने के लिए यह सूची तैयार कर दी गई। कहा जा रहा है कि पहली औपचारिक बैठक से पहले इस सूची में कांग्रेस को बदलाव करना होगा। जहां तक तालमेल और सीटों के बारे में अंतिम फैसले की बात है तो वह बातचीत राहुल गांधी ही करेंगे। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव के साथ उनका सद्भाव है और दोनों एक दूसरे से बात कर रहे हैं। इसलिए प्रियंका गांधी वाड्रा या दूसरे लोग जो बात करेंगे उसमें सिर्फ रूपरेखा बनेगी। अंतिम फैसला राहुल गांधी और अखिलेश यादव ही करेंगे।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment