समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान चल रही है। यह कोई नई बात नहीं है। चुनाव से पहले किसी भी गठबंधन में इस तरह की बातें होती हैं। लेकिन सपा और कांग्रेस का मामला थोड़ा अलग दिख रहा है। इसका कारण दोनों का एक दूसरे पर अविश्वास है। तभी कांग्रेस ने पहले 181 सीटों की मांग कर दी और सपा ने उसे 26 सीटें पकड़ा दीं। अगर दोनों का आपस में विश्वास होता और एक दूसरे की ताकत व कमजोरी समझ कर चुनाव लड़ने की तैयारी करते तो ऐसा नहीं होता है। फिर दोनों व्यावहारिक बात करते।
व्यावहारिक बात यह थी कि कांग्रेस उतनी ही सीटों की मांग करती, जितनी वह लड़ सकती है या जितनी सीटों पर उसकी तैयारी है। ऐसे ही सपा इतनी सीटें ऑफर करती, जितनी उसको लगता कि कांग्रेस के लिए सम्मानजक हैं। कांग्रेस मांग अव्यावहारिक है और सपा का प्रस्ताव अपमानजनक है। दोनों को पता है कि वे एक दूसरे की मजबूरी हैं। सपा अगर कांग्रेस को अकेले लड़ने के लिए छोड़ देती है और उसे पिछली बार की तरह 2.33 फीसदी वोट भी आता है तो सपा की लुटिया डूब जाएगी। पहले ही असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर तालमेल करके लड़ रहे हैं और सपा को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस को भी पता है कि अगर सपा को छोड़ा तो देश भर में नैरेटिव के स्तर पर यह माहौल बनेगा कि कांग्रेस ने भाजपा की जीत सुनिश्चित कराई। इसलिए तालमेल दोनों को करना है। अगर बिना बदमजगी के हो तो लड़ाई भी अच्छी होगी। अन्यथा दोनों के कैडर आपस में ही लडते रहेंगे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



