ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध विराम की अवधि समाप्त होने के बाद घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स 493 अंक टूट गया। यह लगातार तीसरा दिन है जब प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए हैं। सेंसेक्स 309.19 अंक नीचे 77,418.97 अंक पर खुलने के बाद पूरे दिन लाल निशान में रहा। अंत में 492.70 अंक (0.63 प्रतिशत) लुढ़ककर 77,235.46 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 132.75 अंक यानी 0.55 प्रतिशत टूटकर 24,154.90 अंक पर रहा। यह दोनों सूचकांकों का गत 28 जुलाई के बाद का निचला स्तर है। अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिन के लिए हुए शांति समझौते की अवधि सोमवार को समाप्त हो गयी। इससे शेयर बाजार पर दबाव रहा।
Also Read : कार्तिक आर्यन बने निर्माता, लॉन्च किया डोपामाइन स्टूडियोज
वृहत बाजार में भी गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.34 प्रतिशत फिसल गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक स्थिर रहा। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी आईटी में सबसे अधिक 1.93 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी। सार्वजनिक बैंक समूह का सूचकांक 1.01 प्रतिशत और रियल्टी समूह का 1.42 प्रतिशत टूट गया। एफएमसीजी, वित्त, धातु और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में भी गिरावट रही। ऑटो और मीडिया समूहों में तेजी रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में एशियन पेंट्स और इंफोसिस के शेयर दो से ढाई प्रतिशत गिर गये। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारती एयरटेल, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडिगो, आईटीसी और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत नीचे बंद हुए। भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा, अडानी पोर्ट्स, इटरनल, मारुति सुजुकी, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, टाइटन और सन फार्मा के शेयर भी लाल निशान में रहे। एक्सिस बैंक, पावरग्रिड और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में तेजी रही।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



