मुख्यमंत्री ने इसे “पूर्व नियोजित दंगा” बताया है। यह सच है, तो इसे अजीब बात माना जाएगा कि साजिश की राज्य सरकार को भनक तक नहीं लगी। क्या यह जिम्मेदारी ममता बनर्जी को स्वीकार नहीं करनी चाहिए?
भारत ऐसे दुर्भाग्यपूर्ण दौर में है, जहां सामाजिक तनाव की घटनाओं को शांत करने के बजाय राजनीतिक दलों की निगाह उससे अधिकतम संभव लाभ बटोरने पर टिक जाती है। यह भी अफसोसनाक है कि आम सोच में ऐसी कोशिशों को स्वाभाविक समझा जाने लगा है।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ़ संशोधन कानून को लेकर हुई हिंसा के बाद ये प्रवृत्तियां साफ देखने को मिली हैं। लोग यह कहने में कोई हिचक महसूस नहीं करते कि अगले वर्ष विधान सभा चुनाव होना है, तो पार्टियां सांप्रदायिकता की आग में रोटी सेंकेंगी ही।
बांग्लादेश का विवाद और ममता बनर्जी का आरोप (आग)
फिलहाल, मुर्शिदाबाद की घटना के क्रम में पड़ोसी बांग्लादेश को भी घसीट लिया गया है। उधर बांग्लादेश ने भी भारत के अंदरूनी मामले में टिप्पणी करने में कोई गुरेज नहीं बरता है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सांप्रदायिक हिंसा और आग की घटनाओं में बांग्लादेशी अपराधियों का हाथ होने का आरोप लगाया।
लगे हाथ उन्होंने भाजपा और केंद्र सरकार को भी आग में लपेटे में लिया। मुख्यमंत्री ने इसे “पूर्व नियोजित दंगा” बताया। अगर यह सच है, तो इसे बड़ी अजीब बात माना जाएगा कि राज्य में दंगे की साजिश रची गई और राज्य सरकार को उसकी भनक तक नहीं लगी। क्या यह जिम्मेदारी मुख्यमंत्री को स्वीकार नहीं करनी चाहिए? उधर भाजपा पूछा कि हिंसा में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार 200 से ज़्यादा लोगों में से कितने बांग्लादेशी हैं।
बेशक, इस बात की जानकारी राज्य सरकार को अवश्य देनी चाहिए। उचित यही है कि किसी अन्य देश पर इल्जाम ठोस सबूत के आधार पर ही लगाया जाए। मगर ऐसा करने के बजाय ममता बनर्जी ने सियासी रंग देने की कोशिश में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की थाईलैंड में हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए पूछ लिया कि ‘आप लोगों की योजना क्या है? किसी एजेंसी के ज़रिए वहां से लोगों को लाकर यहां दंगा कराना?’
दंगों के मौकों पर भाजपा का व्यवहार तो अक्सर भड़काऊ रहता है। मगर यहां ममता बनर्जी का रवैया भी कम आपत्तिजनक नहीं है। जबकि दोनों पक्षों पर जिम्मेदारी है कि वे भड़के जज्बातों को शांत करें। मगर वे उलटा खेल कर रहे हैं।(आग)
Also Read: कैटरीना कैफ ने करवाया विक्की कौशल के नाम का टैटू, लूटी महफिल की शान
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



