पटना। बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के गांव-गांव तक मर्यादा पुरूषेातम भगवान श्रीराम (Lord Ram) के जन्मोत्सव रामनवमी (Ram Navami) पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। गुरुवार सुबह से ही मंदिरों में रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं (devotees) का तांता लगा हुआ है तथा श्रद्धालुओं द्वारा लगातार ‘जय श्रीराम’ व ‘जय हनुमान’ का उद्घोष किया जा रहा है। रामनवमी को लेकर राजधानी पटना की सभी सड़कें महावीरी ध्वजा, बैनर, रामनाम पताका और तोरण द्वार से सजे नजर आ रहे हैं। पूरा इलाका बुधवार की रात से ही राममय हो गया है। राज्य के सभी मंदिरों को फूल-मालाओं और आकर्षक बल्बों से सजाया गया है।
पटना जंक्शन के समीप स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में रामनवमी को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। महावीर मंदिर का पट गुरुवार को अहले सुबह दो बजे खोल दिया गया था। सुबह से ही मंदिर में भक्तों को तांता लगा हुआ है। यहां पूजा करने के लिए लोग रात से ही पंक्तिबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मंदिर प्रशासन द्वारा देर रात तक मंदिर का पट खुला रखने का निर्णय लिया गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यहां नैवेद्यम (विशेष प्रसाद) के कई स्टॉल लगाए गए हैं।
पटना में इस वर्ष रामनवमी के मौके पर शाम को शोभायात्रा निकाली जा रही है। सभी शोभायात्राएं डाकबंगला चौराहे पहुंचेंगी, जहां इन शोभायात्राओं का स्वागत किया जाएगा। रामनवमी को लेकर सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए गए हैं। राजधानी के सभी मुख्य मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे के जरिए निगरानी की जा रही है तथा जगह-जगह पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पटना के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामनवमी के मद्देनजर पुलिस गश्त बढाई गई है। इधर, राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। कस्बों से लेकर गांवों तक मंदिरों में श्रद्धालु जुटे हुए हैं। (आईएएनएस)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



