नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव खत्म होने के साथ ही आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन खत्म करने का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस के साथ उसने कोई स्थायी शादी नहीं की थी। आप की ओर से कहा गया है कि गठबंधन समाप्त हो गया है और दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी अकेले लड़ेगी। गौरतलब है कि दिल्ली में दोनों पार्टियों ने साथ मिल कर चुनाव लड़ा था। आप चार और कांग्रेस तीन सीटों पर लड़ी थी। दिल्ली के अलावा गुजरात और हरियाणा में भी दोनों पार्टियां साथ लड़ी थीं।
बहरहाल, चुनाव नतीजों के बाद इसकी समीक्षा के लिए गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता जेल में बंद मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने की। इस बैठक में ही कांग्रेस से तालमेल खत्म करने का फैसला किया गया। विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की इस बैठक के बाद पार्टी की ओर से आधिकारिक रूप से तालमेल खत्म करने का ऐलान कर दिया गया।
बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था। विधानसभा चुनाव में पार्टी अकेले लड़ेगी। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कोई गठबंधन नहीं होगा। हालांकि इस बात का अंदाजा पहले से लगाया जा रहा था कि क्योंकि जब भी अरविंद केजरीवाल से इस गठबंधन को लेकर सवाल किया जाता था तो वे कहते थे कि यह कोई स्थायी शादी नहीं है। वे कहते थे कि यह न तो अरेंज मैरिज है और न लव मैरिज है। देश को और विपक्ष को अभी एकजुट होने की जरूरत है। इसलिए यह गठबंधन किया गया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


