नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में मंगलवार, आठ अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के तुरंत बाद पांच विधायकों को मनोनीत किया जाएगा। गृह मंत्रालय के आदेश पर जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा पांच लोगों को विधानसभा के लिए मनोनीत करेंगे। इसके बाद विधायकों की कुल संख्या 95 हो जाएगी और बहुमत का आंकड़ा बढ़ कर 48 हो जाएगा। कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियां और कई संविधान विशेषज्ञ इसे लेकर आशंकित हैं। उनका कहना है कि मनोनीत विधायक भाजपा की विचारधारा वाले होंगे और इसका फायदा भी उसे मिलेगा।
बहरहाल, अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू कश्मीर पुनर्गठन कानून, 2019 के तहत विधानसभा में पांच विधायकों को मनोनीत करने का प्रावधान किया गया। यह नियम महिलाओं, कश्मीरी पंडितों और पाक अधिकृत कश्मीर से विस्थापितों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए लाया गया था। जुलाई 2023 में इसे संशोधित किया गया था। इन मनोनीत विधायकों को विधानसभा में वोटिंग के अधिकार के साथ साथ सभी विधायी शक्तियां और विशेषाधिकार मिलेंगे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

