मुंबई। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ रही भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। इसमें 22 उम्मीदवारों के नाम हैं। पार्टी ने पहली सूची में 99 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। भाजपा अब तक 121 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर चुकी है। पार्टी की दूसरी सूची में सिर्फ एक महिला उम्मीदवार है। नासिक मध्य से पार्टी ने देवयानी सुहास फरांदे को टिकट दिया है। दूसरी सूची में अनुसूचित जनजाति की तीन और अनुसूचित जाति की आरक्षित दो सीटें हैं।
सत्तारूढ़ महायुति में शामिल भाजपा अब तक 121, एकनाथ शिंदे की शिवसेना 35 और अजित पवार की एनसीपी 38 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। इस तरह महायुति के 194 उम्मीदवारों का ऐलान हो चुका है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 20 अक्टूबर को भाजपा ने 99 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। इनमें छह सीटें एसटी और चार सीटें एससी के लिए थीं। वहीं, 13 सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया गया था। इस तरह पार्टी अब तक 14 महिलाओं को टिकट दे चुकी है। भाजपा को अभी करीब 35 सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

