कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर घायल हो गई हैं। हालांकि इस बार उनकी चोट गंभीर नहीं है। शनिवार को हेलीकॉप्टर में चढ़ने के दौरान वे लड़खड़ा कर गिर गईं। यह हादसा पश्चिम बर्धमान के दुर्गापुर में हुआ। ममता वहां चुनाव प्रचार करने गई थीं। घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि ममता अपनी कार से निकलकर हेलीकॉप्टर में चढ़ रही थीं। इसी दौरान हेलीकॉप्टर के गेट पर उनका पैर फिसल गया और वे गिर गईं। ममता के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें संभाला। हालांकि उन्हें हल्की चोट लगी है।
घटना के बाद भी ममता ने अपनी चुनावी यात्रा जारी रखी। दुर्गापुर के बाद वे आसनसोल के लिए रवाना हुईं। इसके पहले ममता बनर्जी 14 मार्च को कोलकाता में अपने घर में गिर गई थीं। तब उनको माथे पर चोट लगी थी। उनका इलाज एसएसकेएम अस्पताल में हुआ था। उनके माथे पर टांका लगाना पड़ा था। तीन साल पहले विधानसभा चुनाव के दौरान भी वे गिर गई थीं और उन्होंने पूरा प्रचार व्हीलचेयर पर बैठ कर किया था। बहरहाल, बर्धमान लोकसभा सीट पर टीएमसी के प्रत्याशी कीर्ति आजाद और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष के बीच मुकाबला है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



