नई दिल्ली। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (‘Bharat Jodo Yatra’) नौ दिनों के विश्राम के बाद मंगलवार को फिर आरंभ हुई और उत्तर प्रदेश में दाखिल हो गई। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) पहुंचने पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राहुल गांधी और अन्य ‘भारत यात्रियों’ का स्वागत किया।
कांग्रेस महासचिव और पार्टी के उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा (Priyanka Gandhi Vadra) भी इस यात्रा में शामिल हुईं और राहुल गांधी और अन्य नेताओं का स्वागत किया। दिल्ली प्रदेश के नेताओं ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं को यात्रा का ध्वज सौंपा।
दिल्ली से उत्तर प्रदेश के लिए यह यात्रा सुबह करीब 10 बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट के निकट जमुना बाजार से रवाना हुई और दोपहर को उत्तर प्रदेश के लोनी (गाजियाबाद) पहुंची जहां से यह देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य में दाखिल हुई।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से आरंभ हुई थी और गत 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंची थी। नौ दिनों के विराम के बाद आज यह फिर से आरंभ हुई है और उत्तर प्रदेश के बाद हरियाणा, पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर जाएगी।
कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सोमवार को बताया था कि उत्तर प्रदेश में यह यात्रा पांच जनवरी तक रहेगी। छह जनवरी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा में प्रवेश करेगी जहां यह 10 जनवरी तक रहेगी। इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी तथा एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी।
वेणुगोपाल के अनुसार, 20 जनवरी को यह यात्रा जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। 30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी तिरंगा फहराएंगे और वहीं इस यात्रा का समापन होगा। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



