पटना। बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले बिहार की 75 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपए डाले गए हैं। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महिलाओं के खाते में पैसे ट्रांसफर किए। प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल तरीके से महिलाओं के खाते में पैसे ट्रांसफर किए और महिलाओं के साथ संवाद भी किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस कार्यक्रम से वर्चुअल तरीके से जुड़े। उन्होंने अपने भाषण में लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के शासन का जिक्र किया और कहा कि पहले की सरकार ने बिहार में कोई काम नहीं किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि दो भाई नरेंद्र और नीतीश लगातार बहनों के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने भी राष्ट्रीय जनता दल के शासन की याद दिलाई और कहा कि बिहार को अब कभी भी उस अंधेरे में नहीं जाने दिया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के खाते में पैसे ट्रांसफर करते समय याद दिलाया कि पैसा सीधे उनके खाते में ट्रांसफर करने में जन धन खाते और मोबाइल का कितना बड़ा योगदान है।
मोदी ने कहा, ‘अगर देश ने जन धन योजना के तहत 30 करोड़ से ज्यादा माताओं, बहनों के खाते न खुलवाए होते तो क्या आज इतने पैसे हम सीधे आपके खाते में भेज पाते। आज जो पैसे भेजे जा रहे हैं, वो पूरे आपके खाते में जमा होंगे। कोई एक पैसा नहीं मार सकता है। पहले योजना का पैसा आप तक पहुंचने से पहले लूट जाता था’। उन्होंने कहा, ‘एक भाई तब ही खुश होता है, जब उसकी बहन स्वस्थ हो, परिवार खुश हो। आज आपके दो भाई नरेंद्र और नीतीश मिलकर बहनों के लिए लगातार काम कर रहे हैं’।
उन्होंने कहा, ‘हमें वो दिन भी नहीं भूलने हैं, जब बिहार में राजद की सरकार थी। अराजकता की सबसे ज्यादा मार मेरी बिहार की माताओं ने ही झेली है। राजद के राज में बिहार में खौफ था। नक्सली आतंक बेहिसाब था। इसका दर्द सबसे ज्यादा महिलाओं को सहना पड़ता था। आज जब नीतीश जी के नेतृत्व में कानून का राज लौटा है तो सबसे ज्यादा राहत महिलाओं ने महसूस की है। ये लिखकर रखिए कि बिहार को अब फिर कभी उस अंधेरे में नहीं जाने देना है’।
कार्यक्रम में वर्चुअल तरीके से जुड़े मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी जीविका दीदियों को संबोधित किया और कहा, ‘बिहार में पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। 24 नवंबर 2005 से जब से एनडीए की सरकार बनी हम काम में लगे हैं। अब बिहार में कानून का राज है। हमने शुरू से महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया’। नीतीश ने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा, ‘ये तो हट गया था 7 साल के बाद तो पत्नी को बना दिया सीएम। इससे पहले कोई ऐसा किया था। वो केवल अपने परिवार को देखते हैं। हमलोग जनता के लिए काम करते हैं। हमने बिहार के विकास के लिए काम किया है’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



