नई दिल्ली। राज्यसभा के लिए चार सांसदों के मनोनयन के बाद अब दो राज्यों के राज्यपाल और एक केंद्र शासित प्रदेश के उप राज्यपाल की नियुक्ति की गई है। हरियाणा और गोवा में नए राज्यपाल नियुक्त हुए हैं तो लद्दाख में नया उप राज्यपाल नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार ने लद्दाख के उप राज्यपाल रिटायर ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा के इस्तीफे के बाद उनकी जगह कविंदर गुप्ता को नया उप राज्यपाल नियुक्त किया है। हरियाणा में अशीम कुमार घोष और गोवा में अशोक गजपति राजू को राज्यपाल बनाया गया है।
कविंदर गुप्ता, जम्मू कश्मीर के भाजपा नेता हैं और महबूबा मुफ्ती की सरकार में उप मुख्यमंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। ध्यान रहे अगस्त 2019 से पहले लद्दाख भी जम्मू कश्मीर का ही हिस्सा था। बहरहाल, उनके अलावा प्रोफेसर अशीम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल बनाया गया है। गौरतलब है कि अगले साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। एक चुनाव वाले राज्य केरल से भाजपा के नेता सी सदानंदन मास्टर को एक दिन पहले ही राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया। आंध्र प्रदेश के पुसपति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
प्रोफेसर अशीम कुमार घोष हरियाणा के 19वें राज्यपाल हैं। इससे पहले बंडारू दत्तात्रेय राज्यपाल थे। अशीम घोष पश्चिम बंगाल के हावड़ा के रहने वाले हैं। 1999 से लेकर 2002 तक पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। आंध्र प्रदेश के अशोक गजपति राजू नागरिक विमानन मंत्री रहे हैं। उनको गोवा के 19वें राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई की जगह नियुक्त किया गया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


