राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बंगाल, असम में मोदी ने लगाए घुसपैठ के आरोप

कोलकाता/गुवाहाटी। पश्चिम बंगाल और असम में तीन महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री एक महीने में दूसरी बार दोनों राज्यों के दौरे पर पहुंचे हैं। उन्होंने दोनों राज्यों में घुसपैठियों के आने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने असम में कांग्रेस और पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को घुसपैठियों के लिए जिम्मेदार ठहराया। प्रधानमंत्री ने असम में यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिए जाने का विरोध किया था।

मोदी ने शनिवार को असम में कहा कि कांग्रेस असम को अपना नहीं मानती। उन्होंने कहा, ‘आजादी के बाद असम के सामने कई चुनौतियां थीं। कांग्रेस ने समस्या का समाधान नहीं निकाला। जब जरूरत अपने लोगों के जख्म भरने, उनकी सेवा करने की थी तब कांग्रेस ने घुसपैठियों की सेवा की। ये घुसपैठिये कांग्रेस के कट्टर वोटर हैं’। उन्होंने घुसपैठियों पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए कहा ‘ये लोग जमीन पर कब्जा करते रहे, कांग्रेस उनकी मदद करती रही। हिमंता सरकार आज लाखों बीघा जमीन को घुसपैठियों से मुक्त करा रही है’।

प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में आयोजित ‘बागुरुम्बा दोहोउ 2026’ में शामिल हुए। यह बोडो समुदाय का पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम है। इससे पहले एयरपोर्ट से स्टेडियम तक मोदी ने रोड शो किया। मोदी रात में गुवाहाटी में रुकें हैं। वे रविवार को कालियाबोर जाएंगे, जहां करीब सात हजार करोड़ रुपए के काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की आधारशिला रखेंगे।

इससे पहले शनिवार को दोपहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के मालदा पहुंचे थे। वहां एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल के कई इलाकों में आबादी का संतुलन बिगड़ रहा है। उन्होंने ममता बनर्जी की पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘टीएमसी घुसपैठियों को वोटर बना रही। गरीबों का हक छीना जा रहा है। भाजपा सरकार बनते ही घुसैपठियों पर कार्रवाई की जाएगी। टीएमसी ने यहां आयुष्मान योजना लागू नहीं होने दी। ऐसी पत्थर दिल सरकार की बंगाल से विदाई जरूरी है’।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

12 + 3 =