मुंबई/नई दिल्ली। आखिरकार 12 दिन की देरी से मानसून मुंबई पहुंच गया है। करीब दो हफ्ते तक एक ही जगह पर अटके रहने के बाद सोमवार को मानसून आगे बढ़ा और मंगलवार को मुंबई पहुंच गया। आमतौर पर मानसून 11 जून तक मुंबई पहुंच जाता है। इस बार 12 दिन की देरी से मानसून के पहुंचते ही शहर के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। हालांकि दिल्ली वालों के लिए खबर अच्छी नहीं है। दिल्ली पहुंचने से पहले मानसून कमजोर हो गया है।
इस बीच मौसम विभाग ने बताया है कि, दक्षिण पश्चिम मानसून तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में आगे बढ़ गया है। अगले दो से तीन दिन में गुजरात और मध्य प्रदेश में पहुंच सकता है। इसके बाद तीन से चार दिन में उत्तर प्रदेश में भी एंट्री होगी। मंगलवार को दिल्ली में दोपहर में धूल भरी आंधी चली और कुछ इलाकों में बारिश हुई। लेकिन यह मानसून की गतिविधि नहीं है।
कई राज्यों में प्री मानसून गतिविधियां शुरू हो गई हैं। जैसे मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई है। उत्तर प्रदेश के भी कई शहरों में बारिश हुई। हालांकि मध्य प्रदेश, विदर्भ और उत्तर प्रदेश को मानसून के लिए एक हफ्ता और इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब को जुलाई तक इंतजार करना होगा। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार तक देश में सामान्य 106 मिलीमीटर की तुलना में सिर्फ 60.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसका मतलब है कि अभी तक 43 फीसदी कम बारिश हुई है।


