राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

पाक ने भारतीय राजनयिक को तलब किया

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान की सीमा पर हुई गोलीबारी के बाद इस्लामाबाद में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने भारतीय राजनयिक को तलब किया। पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसके दो नागरिकों की मौत हो गई है। शनिवार को भारतीय राजनयिक को बुला कर पाकिस्तान ने पंजाब के तरनतारन में भारत और पाकिस्तान की सीमा पर दो लोगों की मौत पर विरोध जताया। पाकिस्तान का दावा है कि दोनों पाकिस्तानी नागरिक थे और सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ की गोलीबारी में मारे गए। यह घटना शुक्रवार को हुई थी।

हालांकि भारतीय अधिकारियों का कहना है कि ये लोग भारत की सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे। चेतावनी देने के बाद बीएसएफ ने गोली चलाई। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, तीन संदिग्ध लोग पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा की ओर बढ़ रहे थे। बीएसएफ के जवानों ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी। इनमें से एक वापस पाकिस्तान की तरफ चला गया, जबकि दो लोग आगे बढ़ते रहे। इसके बाद बीएसएफ ने फायरिंग की, जिसमें दोनों की मौत हो गई। बताया गया है कि तरनतारन में सात महीने में घुसपैठ की यह दूसरी घटना है।

उधर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मारे गए दोनों लोग उसके नागरिक थे और निहत्थे थे। पाकिस्तान का कहना है कि, वे सीमा के पास गए थे और अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए। पाकिस्तान ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसकी तुरंत, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच की मांग की है। साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और जांच के नतीजे पाकिस्तान सरकार को बताने को कहा है। पाकिस्तानी मीडिया ‘डॉन’ की वेबसाइट के मुताबिक मारे गए लोगों की पहचान आजमत रसूल और मोहसिन जट्ट के रूप में हुई है। तीसरा व्यक्ति घायल है और अस्पताल में भर्ती है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment