नई दिल्ली। चार राज्यों की पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर शांतिपूर्ण तरीके से उपचुनाव संपन्न हो गया। सभी सीटों पर रिकॉर्ड मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में प्रतिष्ठा का मुद्दा बनी नंदीग्राम और रेजिनगर सीट पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। हालांकि मतदान को प्रभावित करने के आरोप में एजेपी के नेता और रेजिनगर के पूर्व विधायक हुमायूं करीब को गिरफ्तार कर लिया गया। तमिलनाडु में मतदान से पहले चुनाव अधिकारी को भी बदला गया।
चुनाव आयोग की ओर से जारी शाम पांच बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक मतदान तमिलनाडु की मदुरंतकम सीट पर हुआ। इस सीट पर 83 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे से खाली हुई नंदीग्राम सीट पर 80 फीसदी मतदान हुआ। उधर बंगाल में रेजिनगर सीट खाली करने वाले विधायक हुमायूं कबीर को मुर्शिदाबाद में उनके पार्टी कार्यालय से पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन पर चुनाव में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उनके बेटे गुलाम नबी आजाद रेजीनगर से उम्मीदवार हैं। रेजिनगर में भी 80 फीसदी के करीब वोट पड़े।
उधर नंदीग्राम से मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने आरोप लगाया है कि उनके पोलिंग एजेंट्स को जबरन उठाया जा रहा है। बहरहाल, मंगलवार को जिन सीटों पर मतदान हुआ, उनमें पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट और असम की नगांव लोकसभा सीट शामिल हैं। सभी सीटों के नतीजे नौ अक्टूबर को आएंगे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



