राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

दिल्ली में आप, कांग्रेस पर मोदी का हमला

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजधानी दिल्ली में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों पर हमला किया। प्रधानमंत्री ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ईमानदारी की राजनीति करने उतरे लोग भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जा रहे हैं। कांग्रेस को निशाना बनाते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति आज चार सीटों पर चुनाव लड़ने की नहीं बची है। गौरतलब है कि आप के साथ तालमेल करके कांग्रेस दिल्ली की सात में से तीन सीटों पर लड़ रही है।

बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली की जनसभा में कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा- मेरा कोई वारिस नहीं है। देश के 140 करोड़ देशवासी मेरे वारिस हैं। मैं आपके लिए ही दिन रात मेहनत कर रहा हूं। मेरा पल पल आपके लिए है। जनता के सपनों के लिए मेरा जीवन कुर्बान है। कांग्रेस को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा- कांग्रेस की चार पीढ़ियों ने दिल्ली पर राज किया, लेकिन आज इनमें दिल्ली की चार सीट पर लड़ने की ताकत नहीं रही। कांग्रेस वहां भी नहीं लड़ पा रही है, जहां इनका 10 जनपथ का दरबार है।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर तुष्टिकरण के आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा- शहजादे आपकी संपत्ति की एक्सरे कराकर उसका आधा हिस्सा अपने वोट बैंक को देना चाहते हैं। ये लोग कई सालों से करते आ रहे हैं। वोट पाने के लिए डॉ. मनमोहन सिंह की रिमोट वाली सरकार ने वोट जिहाद वालों से सौदा किया। वोट के बदले दिल्ली के लोगों की संपत्ति का सौदा हुआ। 123 संपत्तियां रातों रात वक्फ बोर्ड को सौंप दी गईं।

विपक्षी गठबंधन पर मोदी ने कहा- इंडी गठबंधन के नेता घुसपैठियों पर आंसू बहाते हैं, लेकिन वे ससी, एसटी आरक्षण को धर्म के आधार पर फिर से बांटना चाहते हैं। इंडी गठबंधन धर्म के आधार पर सरकारी टेंडर बांटना चाहता है। अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए खतरनाक खेल खेल रहा है। मोदी ने कहा- एक भी वोट इंडी गठबंधन को नहीं जाना चाहिए। उनका घोषणापत्र मुस्लिम लीग से प्रेरित लगता है। पीएम मोदी ने जनसभा के बाद पाकिस्तानी शरणार्थियों से मुलाकात की। इन लोगों को संशोधित नागरिकता कानून के तहत 15 मई को भारतीय नागरिकता दी गई थी।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seventeen + 8 =

और पढ़ें