nayaindia Sunita Kejriwal दिल्ली में प्रचार में उतरीं सुनीता केजरीवाल
दिल्ली

दिल्ली में प्रचार में उतरीं सुनीता केजरीवाल

ByNI Desk,
Share

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने स्टार प्रचारक के रूप में राजधानी दिल्ली में पार्टी का प्रचार शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के बाद से ही पार्टी सुनीता केजरीवाल को चेहरे के तौर पर प्रोजेक्ट कर रही है। शनिवार को उन्होंने आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार शुरू किया। उन्होंने पूर्वी दिल्ली से पार्टी उम्मीदवार कुलदीप कुमार के समर्थन में कोंडली इलाके में रोड शो किया।

अपने पहले रोड शो में सुनीता केजरीवाल ने लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा- आपका सीएम शेर है, उसे कोई तोड़ नहीं सकता, झुका नहीं सकता। हम तानाशाही हटाने, लोकतंत्र बचाने के लिए वोट करेंगे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा- एक महीने से उन्होंने आपके सीएम और मेरे पति को जबरदस्ती जेल में डाल रखा है। अभी तक किसी भी कोर्ट ने उन्हें दोषी नहीं ठहराया है। वे कह रहे हैं कि जांच चल रही है। अगर जांच 10 साल तक चलेगी तो क्या वे उसे 10 साल तक जेल में रखेंगे? यह तानाशाही है।

मुख्यमंत्री की पत्नी ने कहा- अरविंद केजरीवाल 22 साल से शुगर के मरीज हैं और 12 साल से इंसुलिन पर हैं। क्या वे अरविंद केजरीवाल को मारना चाहते हैं? मुझे पता है आप लोग उनसे प्यार करते हो और यही उनकी समस्या है। इसमें केजरीवाल की क्या गलती है? सुनीता केजरीवाल ने कहा- अरविंद केजरीवाल भारत मां के सच्चे लाल हैं। आज मैं भारत मां की बेटी आपसे निवेदन करती हूं कि भारत मां को तानाशाही से बचा लो। 25 मई को आप अपने वोट की ताकत से भारत मां को तानाशाही की जंजीरों से आजाद करा लो।

उनके साथ रोड शो में शामिल पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा- जब देश के तानाशाह ने देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को जेल में डाल दिया है। उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल जी पूरी बहादुरी से मोदी सरकार के जुर्म का जवाब देने के लिए मैदान में हैं। आज कुलदीप कुमार के लिए विशाल रोड शो करके जनता से जेल का जवाब वोट से देने की अपील कर रहीं हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें