कोलकाता। पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग से पहले मंगलवार को राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने एक दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि पश्चिमी मेदिनीपुर में सोमवार को तृणमूल के लोगों ने हमला किया तो दूसरी ओर तृणमूल के नेताओं ने आरोप लगाया है कि बनगांव में गोली चला कर तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमला किया।
भाजपा कहा है कि पश्चिम मेदिनीपुर के दांतन में तृणमूल कांग्रेस समर्थित हमले में एक सौ से अधिक बीजेपी कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों में से 15 को ओडिशा के जलेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक कार्यकर्ता की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना सोमवार की बताई जा रही है। मंगलवार को वीडियो सामने आए। भाजपा ने आरोप लगाया है कि यह हमला सुनियोजित था और सत्तारूढ़ दल के समर्थकों ने इसे अंजाम दिया। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया है।
दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने बंगाल में अपनी जगह बनाने के लिए हर मुमकिन कोशिश की है। वे बुरी तरह फेल हो गए हैं। कोई दूसरा ऑप्शन न होने पर, वे अब खुलेआम हिंसा और गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। तृणमूल ने मंगलवार को कहा, ‘आज गोपालनगर, बनगांव दक्षिण में, बीजेपी के गुंडों ने हमारी तपशीलिर संगलाप कैंपेन गाड़ी पर दो राउंड फायरिंग की। इससे भी ज्यादा हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना बनगांव दक्षिण के भाजपा उम्मीदवार की मौजूदगी में हुई’।


