राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सिर्फ नैरेटिव से चुनाव नहीं जीता जाता

चुनाव जीतने के लिए नैरेटिव एक जरूरी चीज है, लेकिन एकमात्र चीज नहीं है। इसके लिए नेतृत्व और संगठन की भी जरुरत होती है। इस समय कांग्रेस के पास नैरेटिव की ताकत है और कह सकते हैं कि राहुल गांधी का नेतृत्व भी स्थापित हो गया है। उन्हें विपक्ष की पार्टियों ने नेता मान लिया है तो साथ ही नागरिकों के बीच भी भाजपा विरोध की राजनीति के नेतृत्वकर्ता के तौर पर राहुल गांधी को काफी हद तक स्वीकार कर लिया गया है। सो, कह सकते हैं कि चुनाव जीतने की परफेक्ट रेसिपी में से दो सामग्री कांग्रेस ने जुटा लिए हैं। नैरेटिव और नेतृत्व उसके पास है। अब तीसरी और सबसे जरूरी सामग्री की जरुरत है, जो है संगठन। नैरेटिव को जमीन पर पहुंचाने और उससे लोगों को जोड़ने के लिए संगठन की जरुरत है और नेतृत्व की बात भी लोगों के दिल दिमाग में बैठाने के लिए संगठन चाहिए। इस मामले में सिर्फ कांग्रेस को ही नहीं, बल्कि उसकी सहयोगी पार्टियों को भी बहुत काम करने की जरुरत है।

इसका कारण यह है कि उनका जिससे मुकाबला है उसके पास अपना एक बहुत मजबूत संगठन है। भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है और उसके पास एक बड़ा संगठन है। साथ ही उसके साथ काम करने के लिए राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ का एक विशाल नेटवर्क है। पहली बार जब नरेंद्र मोदी 2014 में चुनाव जीते तब हिंदू हृदय सम्राट के तौर पर उनके नेतृत्व की आहट पूरे देश में और खास कर हिंदी पट्टी में पहले से सुनाई दे रही थी। और उनके पास एक ऐसा नैरेटिव भी था, जिसमें गुजरात के विकास मॉडल और हिंदू वर्चस्व दो चीजों का समावेश था। साथ ही उनके नेतृत्व और नैरेटिव को लोगों तक ले जाने के लिए भाजपा और संघ का संगठन था।

राहुल गांधी जो कह रहे हैं कि वह गलत नहीं कह रहे हैं कि 2014 का चुनाव अजीब था। सचमुच वैसा चुनाव समकालीन राजनीति में नहीं देखा गया। चुनाव में बेहिसाब पैसा खर्च हुआ और आधुनिक तकनीक का भी बेहद प्रभावी तरीके से इस्तेमाल किया गया। एक विधा के तौर पर चुनाव प्रबंधन को पहली बार लोगों ने देखा और महसूस किया। अमेरिकी एजेंसी एपको प्रधानमंत्री पद के दावेदार नरेंद्र मोदी की ब्रांडिंग कर रही थी तो प्रशांत किशोर की कंपनी आईपैक चुनाव प्रबंधन संभाल रही थी। उस समय ‘चाय पर चर्चा’ हो रही थी तो थ्री डी तकनीक से भी प्रचार हो रहा था। पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारों और पोस्टर से रंगा हुआ था। नरेंद्र मोदी की सभाओं के लिए जो मंच बन रहे थे, भारत में पहली बार लोगों ने उस तरह के मंच देखे थे। पहली बार मीडिया के लोगों को परफेक्ट एंगल से बना हुआ वीडियो मिलना शुरू हुआ, जिसके लिए उन्हें कुछ भी नहीं करना था। उन्हें सिर्फ वह वीडियो चलाना था। यह सब बहुत व्यवस्थित तरीके से हो रहा था। मोदी का नेतृत्व था, नैरेटिव था, संगठन था और चुनाव लड़ने का व्यवस्थित प्रबंधन था।

दूसरी ओर कांग्रेस और अन्य पार्टियां पारंपरिक ढंग से चुनाव लड़ रही थीं। एक और हैरान करने वाली बात यह है कि चुनाव के बाद भी भाजपा और नरेंद्र मोदी की मशीनरी खामोश नहीं बैठी। पहले चुनाव जीतने वाली पार्टियां सरकार चलाने में लग जाती थीं। लेकिन भाजपा एक तरफ सरकार चला रही थी तो दूसरी ओर उसने इसका भरपूर प्रयास किया कि कैसे राहुल गांधी की साख खराब हो और उनका नेतृत्व नहीं स्थापित होने पाए। कांग्रेस नेता इस बात को समझ रहे थे लेकिन वे आदत से मजबूर थे। वे 2014 के नतीजे को भी एक अपवाद मान रहे थे और इस भरोसे में थे कि जैसे एकाध चुनाव हारने के बाद कांग्रेस जीत जाती है वैसे ही 2019 में जीत जाएगी। लेकिन जब 2019 भी नहीं जीते। तब कांग्रेस नेताओं की चेतना लौटी। तभी बहुत सारे लोग छोड़ कर गए और जो बचे उन्होंने नैरेटिव व नेतृत्व दोनों पर गंभीरता से विचार करना शुरू किया। इसका लाभ भी उसे 2024 के चुनाव में मिला। ध्यान रहे कांग्रेस कभी भी संगठन की पार्टी नहीं रही है। लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली पार्टियों के साथ अक्सर ऐसा होता है। कांग्रेस में सरकार ही महत्वपूर्ण रही इसलिए संगठन पर कभी ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। अब भाजपा में ऐसा होता दिख रहा है। वहां केंद्र से लेकर राज्य तक सरकार ही महत्वपूर्ण है। तभी वहां लापरवाही दिख रही है, जबकि लंबे समय तक विपक्ष में रहने के कारण कांग्रेस में लड़ने की जरुरत महसूस हुई है और इसका असर भी दिखने लगा है।

मुश्किल यह है कि ये असर बयानबाजी के रूप में ही प्रकट हो रहा है। यह सही है कि बयानों से भी चुनाव लड़ा जाता है लेकिन उसके साथ साथ जमीनी लड़ाई भी लड़ी जाती है। राहुल गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जो नैरेटिव गढ़ा है उसे लेकर अगर वे जमीन पर नहीं जाएंगे और कांग्रेस का संगठन इसे आगे बढ़ाने में पूरक का काम नहीं करेगा तो थोड़ी बहुत सफलता मिल जाएगी लेकिन सत्ता हासिल करना मुश्किल बना रहेगा। सो, सबसे पहले कांग्रेस को संगठन पर काम करना होगा।

संगठन का काम रियल पॉलिटिक्स है। पदाधिकारियों का चयन और उम्मीदवारों का फैसला करने के काम में थ्रिल नहीं है, बल्कि यह बहुत बोरिंग यानी ऊबाऊ काम है। यह बहुत संयम के साथ करने वाला और थका देने वाला काम है। इसके उलट राहुल अभी जो राजनीति करते हैं उसमें थ्रिल बहुत है। वे जो मन में आता है वह बोलते हैं। इससे उनको किक मिलती है। वे सड़क पर प्रदर्शन करते हुए बहुत आक्रामक होते हैं। इसमें भी उनको मजा आने लगा है। यह परफॉर्मेटिव राजनीति है, जिसकी एक निश्चित मात्रा होनी चाहिए। लेकिन सिर्फ इससे चुनाव नहीं जीता जा सकेगा। चुनाव जीतने के लिए पार्टी के नेताओं के साथ बैठना होगा। माथापच्ची करनी होगी। राज्यों के दौरे करने होंगे। संगठन मजबूत करना होगा। अभी ऐसा नहीं होता है। अभी राहुल राज्यों के दौरे पर तभी जाते हैं जब चुनाव होने वाला हो। चुनाव बीतने के बाद वे कई कई साल तक राज्यों में नहीं जाते हैं। जबकि वे विपक्ष के नेता हैं और उनका एकमात्र काम राजनीति करना है।

राहुल के बचाव में बहुत सारे लोग यह कहते हुए उतर जाते हैं कि उनकी अपनी शैली है, वे जीवन का आनंद लेते हैं और उन्होंने मोदी या अमित शाह की तरह राजनीति को अपना जीवन नहीं बनाया है। लेकिन सवाल है कि लड़ना तो मोदी और शाह से ही है! कुछ तो उनकी तरह करना ही होगा! अगर वे थ्रिल के लिए या किक के लिए राजनीति कर रहे हैं तब तो अलग बात है। लेकिन अगर उनको सत्ता बदलनी है, कांग्रेस को सरकार में लाना है और अपने आइडिया वाला इंडिया बनाना है तो परफॉर्मेटिव पॉलिटिक्स के साथ साथ रियल पॉलिटिक्स भी करनी होगी। संगठन मजबूत करना होगा, राज्यों के लगातार दौरे करने होंगे और बूथ स्तर तक पहुंचने की कोशिश करनी होगी। हो सकता है कि इसके बगैर भी उनकी पार्टी या गठबंधन चुनाव जीत जाए लेकिन वैसा बहुत सारे संयोग एक साथ घटित होने पर ही होगा। मोदी और शाह राजनीति को संयोगों के सहारे नहीं छोड़ते हैं। जहां वे हारते हैं वहां भी उनकी तैयारी या लड़ने में कोई कसर नहीं रहती है।

By अजीत द्विवेदी

संवाददाता/स्तंभकार/ वरिष्ठ संपादक जनसत्ता’ में प्रशिक्षु पत्रकार से पत्रकारिता शुरू करके अजीत द्विवेदी भास्कर, हिंदी चैनल ‘इंडिया न्यूज’ में सहायक संपादक और टीवी चैनल को लॉंच करने वाली टीम में अंहम दायित्व संभाले। संपादक हरिशंकर व्यास के संसर्ग में पत्रकारिता में उनके हर प्रयोग में शामिल और साक्षी। हिंदी की पहली कंप्यूटर पत्रिका ‘कंप्यूटर संचार सूचना’, टीवी के पहले आर्थिक कार्यक्रम ‘कारोबारनामा’, हिंदी के बहुभाषी पोर्टल ‘नेटजाल डॉटकॉम’, ईटीवी के ‘सेंट्रल हॉल’ और फिर लगातार ‘नया इंडिया’ नियमित राजनैतिक कॉलम और रिपोर्टिंग-लेखन व संपादन की बहुआयामी भूमिका।

Leave a comment