विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ब्लॉक की दो पार्टियां बहुत मजबूती से कांग्रेस के साथ थीं। जिस समय ममता बनर्जी की पार्टी तेवर दिखाती थी तब भी डीएमके और शरद पवार की एनसीपी ने कांग्रेस का साथ दिया। परंतु अलग अलग कारणों से दोनों पार्टियां गठबंधन से निकलने का बहाना खोज रही थीं। डीएमके को बैठे बिठाए कांग्रेस ने बहाना दे दिया। कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा का चुनाव खत्म होते ही डीएमके से 22 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया और विजय की पार्टी के साथ चले गए। कांग्रेस के पांच विधायक जीते थे, जिनमें से दो लोग मंत्री बन गए। कई दशक के बाद कांग्रेस को तमिलनाडु में सरकार में शामिल होने का मौका मिला। लेकिन कांग्रेस के इसी रुख के कारण डीएमके को गठबंधन से निकलने का बहाना मिल गया। डीएमके को परिसीमन पर कांग्रेस के साथ वोट नहीं करना था। सबको पता है कि अप्रैल में जब विशेष सत्र में डीएमके ने विरोध किया, काले कपड़े पहने और बिल की कॉपी जलाई तब तक चुनाव नहीं हुआ था और भाजपा का आक्रामक विरोध डीएमके को फायदे वाला लग रहा था।
चुनाव हारने के बाद डीएमके का भी विरोध नरम पड़ गया था। ऊपर से कांग्रेस ने उसको मौका दिया। इसके बावजूद डीएमके ने भाजपा नेताओं और सरकार के सामने अपनी शर्तें रखीं और उन्हें मानने के लिए मजबूर किया। डीएमके की वजह से 1971 की जनगणना के आधार पर परिसीमन हो रहा है और 2025 तक के लिए सीटें फ्रीज की जा रही हैं। इसी तरह शरद पवार की एनसीपी के नेता भी विपक्षी गठबंधन से निकलने का बहाना खोज रहे थे। पिछले कई महीनों से इसकी कोशिश चल रही थी। असल में शरद पवार को भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिव सेना और सुनेत्रा पवार की एनसीपी तीनों से अपनी पार्टी बचानी है। इसके साथ ही बेटी सुप्रिया सुले को भी केंद्र की राजनीति में स्थापित करना है। उनकी बात पहले से हो रखी। उनको भी परिसीमन में मौका मिल गया। महिलाओं के लिए सीटें बढ़ेंगी और महाराष्ट्र की सीटें 72 हो जाएंगी, इससे एक वैचारिक आधार भी मिल गया है। इन दोनों के सामने ऑफर करने के लिए कांग्रेस के पास कुछ था भी नहीं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



