लोकसभा 2024 के साथ साथ चार राज्यों में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं। ओडिशा, आंध्र प्रदेश, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं। इनमें से ओडिशा में अलग ही चुनाव प्रचार हो रहा है। वहां भारतीय जनता पार्टी और बीजू जनता दल में आमने सामने का मुकाबला है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अकेले लड़ कर अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन किया था तो उसे 147 सदस्यों की विधानसभा में 22 सीटें मिली थीं। दूसरी ओर बीजू जनता दल ने 111 सीटें जीती थीं। हालांकि लोकसभा चुनाव में नतीजे अलग रहे। भाजपा आठ सीट जीतने में कामयाब रही थी, जबकि 2014 में उसे सिर्फ एक सीट मिली थी। माना जाता है कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सद्भाव दिखाने से भाजपा को आठ सीटें मिल गई थीं।
इस बार भाजपा राज्य में सरकार बनाने का दाव कर रही है। ऐसा नहीं है कि प्रदेश के नेता या प्रभारी आदि ऐसा दावा कर रहे हैं। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसा दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि चार जून को नतीजे आएंगे और छह जून को भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा और 10 जून को भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा। वे सभाओं में यह भी कह रहे है कि वे लोगों को शपथ समारोह का न्योता दे रहे हैं। दूसरी ओर बीजू जनता दल ने इसे खारिज करके अपना दावा किया है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के स्वघोषित उत्तराधिकारी बीके पांडियन ने कहा है कि नौ जून को बीजू जनता दल का मुख्यमंत्री शपथ लेगा। सो, अब सीटों की संख्या के साथ साथ लोगों की दिलचस्पी का एक बिंदु यह भी है नौ या 10 जून को शपथ होगी और कौन शपथ लेगा?
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




