भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक के अपने दो विधायकों को पार्टी से निकाल दिया है। ये दोनों कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए थे। कांग्रेस से आए दो विधायकों एसटी सोमशेखर और ए शिवराम हेब्बार को भाजपा ने छह साल के लिए पार्टी से निकाला है। दूसरी ओर उप मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने भाजपा की इस कार्रवाई की आलोचना की है।
सवाल है कि भाजपा ने अपने दो विधायकों को पार्टी से निकाला, इसकी आलोचना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष क्यों कर रहे हैं? शिवकुमार के बयान के बाद से ही इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि ये दोनों विधायक कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
भाजपा से निकाले विधायक की वापसी
गौरतलब है कि सोमशेखर यशवंतपुर और हेब्बार येल्लापुर विधानसभा के विधायक हैं। ये दोनों उन 18 विधायकों में शामिल थे, जो पाला बदल कर भाजपा में गए थे और कांग्रेस के समर्थन वाली एचडी कुमाररस्वामी की सरकार गिरवाई थी। हालांकि पिछले साल राज्यसभा चुनाव के समय सोमशेखर ने क्रॉस वोटिंग की थी और कांग्रेस के उम्मीदवार का समर्थन किया था।
तभी से अंदाजा लगाया जा रहा था कि वे पाला बदल सकते हैं। भाजपा के जानकारर नेताओं का कहना है कि इन दोनों विधायकों ने पार्टी छोड़ने का मन बना लिया है इसलिए ये बार बार पार्टी नेतृत्व के निर्देशों की अनदेखी करते हैं और भाजपा के अंदर गुटबाजी बढ़ाने का प्रयास करते हैं।
कई बार चेतावनी देने के बाद दोनों को निकाला गया है। लेकिन सवाल है कि क्या कांग्रेस तोड़ने और उसके समर्थन वाली सरकार गिराने में भूमिका निभाने वालों को कांग्रेस फिर से वापस लेने को तैयार है? अगर यह शिवकुमार का अपनी ताकत बढ़ाने का खेल है तो सिद्धारमैया और पार्टी आलाकमान इसके लिए राजी होगा?
Also Read: सोमशेखर और हेब्बार क्या कांग्रेस में लौटेंगे?
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


