ब्रिटेन के साथ तीन साल चल रही मुक्त व्यापार संधि यानी एफटीए की वार्ता आखिरकार कामयाब हो गई। भारत और ब्रिटेन ने मुक्त व्यापार संधि पर दस्तखत कर दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। मुक्त व्यापार संधि के साथ साथ दोनों देशों ने डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन पर भी सहमति जताई है। इस संधि से भारत में ब्रिटेन की महंगी कारें, ब्रांडेड कपड़े और फुटवियर सस्ते हो सकते हैं। जनवरी 2022 से इस संधि पर वार्ता चल रही थी।
मुक्त व्यापार संधि पर दस्तखत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘अपने दोस्त प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से बात करके बहुत खुशी हुई। एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में भारत और ब्रिटेन ने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के साथ साथ डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन को भी सफलतापूर्वक पूरा किया है। ये ऐतिहासिक संधियां हमारी रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करेगी। इसके अलावा ये दोनों अर्थव्यवस्थाओं में व्यापार, निवेश, विकास, रोजगार के अवसर और इनोवेशन को बढ़ावा देंगे। मैं जल्दी ही प्रधानमंत्री स्टार्मर का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं’।
भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार संधि और इसके प्रभाव
गौरतलब है कि भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार संधि को लेकर बातचीत जनवरी 2022 में शुरू हुई थी। हालांकि बीच में वार्ता स्थगित हो गई थी लेकिन इस साल 24 फरवरी को वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटेन के व्यापार मंत्री बिजनेस एंड जोनाथन रेनॉल्ड्स ने दोनों देशों के बीच प्रस्तावित एफटीए के लिए बातचीत फिर से शुरू करने का ऐलान किया था। इससे पहले पिछले 10 साल में भारत ने मॉरीशस, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया और यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन के साथ ऐसे ही मुक्त व्यापार समझौता किया है। यूरोपीय संघ के साथ इसी तरह की संधि की बातचीच चल रही है।
बहरहाल, मुक्त व्यापार समझौते से कुछ उत्पाद सस्तें होंगे और डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन से एक दूसरे के देश में काम करने वाले कर्मचारियों को लाभ होगा। यह एक ऐसा समझौता है जो दो देशों के बीच होता है। इससे विदेश में काम करने वाले लोगों और कंपनियों को एक ही समय में दो देशों में सोशल सिक्योरिटी जैसे पेंशन, पीएफ, आदि के लिए पैसा नहीं देना पड़ता। इससे कर्मचारियों और कंपनियों दोनों को फायदा होता है और उनकी सैलरी से दोहरी कटौती नहीं होती।
ब्रिटेन के साथ मुक्त व्यापार संधि के बाद भारत में जो उत्पाद सस्ते हो सकते हैं उसमें महंगी गाड़ियां जैसे जगुआर, लैंड रोवर आदि, ब्रिटेन से आने वाली शराब, ब्रांडेड कपड़े और फैशनवेयर, फर्निचर, इलेक्ट्रिकल सामान और मशीनरी आदि की कीमत भी कम हो सकती है। दूसरी ओर ब्रिटेन में भारत से जाने वाली ज्वेलरी, रत्न आदि सस्ते बिकेंगे।
Also Read : रजनीकांत से लेकर अल्लू अर्जुन ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को किया सैल्यूट
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



