नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिमी मानसून अभी तक महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा पर अटका है। समय से पहले पहुंचने के बाद मानसून 29 मई से महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा पर रूक गया। कहा जा रहा था कि 12 जून से मानसून आगे बढ़ेगा लेकिन 13 जून तक इसकी गतिविधि शुरू नहीं हुई। इस बीच दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों को छोड़ कर देश के सभी राज्यों में भीषण गर्मी पड़ने लगी है। राजधानी दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित नौ राज्यों में शुक्रवार को हीटवेव रही। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया गया था।
इन राज्यों के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। वहीं, हरियाणा के नौ जिलों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मध्य प्रदेश के 12 और राजस्थान के भी 22 जिलों में हीटवेव का से लोग परेशान रहे। दूसरी तरफ, मौसम विभाग ने कर्नाटक, गोवा, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना जताई है।